HomeHindi NewsBusinessअमेरिका का 25% टैरिफ प्रस्ताव, भारत ने दिया जवाब, इन क्षेत्रों को...

अमेरिका का 25% टैरिफ प्रस्ताव, भारत ने दिया जवाब, इन क्षेत्रों को लेकर है आपत्ति?

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है, लेकिन इसी बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने भारतीय उत्पादों पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव देकर नई चुनौती खड़ी कर दी है। अमेरिका के इस कदम पर भारत सरकार ने प्रतिक्रिया दी है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (USTR) की ओर से जारी नोटिस पर विचार किया जा रहा है। भारत ने अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। सरकार ने यह भी कहा कि व्यापार से जुड़े सभी मुद्दों का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही द्विपक्षीय व्यापार समझौते (BTA) की बातचीत के तहत होना चाहिए।

क्या है अमेरिका का 25 फीसदी टैरिफ प्रस्ताव?

अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय ने 25 नवंबर को ट्रेड एक्ट 1974 की धारा 301 के तहत भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं के खिलाफ जांच के निष्कर्ष जारी किए। अमेरिका का आरोप है कि भारत की औद्योगिक नीतियां और विनिर्माण क्षेत्र में उत्पादन बढ़ाने की रणनीति अमेरिकी कारोबार, निर्यात और रोजगार को नुकसान पहुंचा रही हैं।

अमेरिका ने भारतीय वस्तुओं पर 25 फीसदी तक अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, इसमें कुछ उत्पादों को छूट देने की बात भी कही गई है। खास बात यह है कि यदि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होता है और भारत अमेरिकी चिंताओं को दूर करने के लिए सहमत होता है, तो टैरिफ की दर 17 फीसदी तक सीमित की जा सकती है।

भारत ने अमेरिकी आरोपों को किया खारिज

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से भाग लिया है। मंत्रालय के मुताबिक, जांच शुरू होने के समय और उसके बाद की कार्यवाही में भारत ने स्पष्ट किया था कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।

भारत का कहना है कि मेक इन इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (PLI) जैसी पहल घरेलू जरूरतों को पूरा करने, विनिर्माण क्षमता बढ़ाने और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में दूसरे देशों पर निर्भरता कम करने के लिए हैं। इन्हें अमेरिकी बाजार को नुकसान पहुंचाने की रणनीति के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

किन क्षेत्रों को लेकर अमेरिका को आपत्ति?

अमेरिकी जांच में भारत की औद्योगिक नीतियों, श्रम सुरक्षा, वित्तीय नीतियों और बाजार तक पहुंच से जुड़े प्रतिबंधों पर सवाल उठाए गए हैं। अमेरिका ने विशेष रूप से दवा, मेडिकल उपकरण, इस्पात, सौर ऊर्जा और सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों का उल्लेख किया है।

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर नजर

भारत ने दोहराया है कि वह अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार के अनुसार, व्यापार संबंधी मतभेदों को बातचीत के जरिए सुलझाना दोनों देशों के हित में है।

अमेरिका ने प्रस्ताव पर लिखित टिप्पणियां जमा करने की अंतिम तारीख 5 जनवरी 2027 तय की है। वहीं, 25 जनवरी 2027 से सार्वजनिक सुनवाई प्रस्तावित है। यानी फिलहाल 25 फीसदी टैरिफ अंतिम रूप से लागू नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में भारत-अमेरिका की बातचीत और अमेरिकी जांच प्रक्रिया तय करेगी कि भारतीय निर्यातकों पर इसका कितना असर पड़ेगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments