तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद लगातार गहराता जा रहा है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से दीपथून नामक विवादित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दिए जाने के बावजूद 24 नवंबर को वहां दीप नहीं जलाया गया। इसके बजाय परंपरागत स्थान उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में ही महादीपम प्रज्वलित किया गया। इस घटनाक्रम के बाद तमिलनाडु सरकार और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं।
मामले ने बुधवार को उस समय नया मोड़ ले लिया, जब तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में दीपथून पर दीप नहीं जला पाने के लिए खेद जताया। वहीं भाजपा ने इसे संवैधानिक व्यवस्था और सर्वोच्च न्यायालय के आदेश की अवहेलना बताते हुए विपक्ष तथा सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) पर निशाना साधा।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद भी क्यों नहीं जला दीप?
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को अपने अंतरिम आदेश में 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीपथून पर एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी। अदालत ने इसके लिए विशेष व्यवस्था भी तय की थी। आदेश के मुताबिक, मंदिर देवस्थानम के अधिकृत प्रतिनिधि और सरकारी अधिकारी ही सीमित संख्या में स्तंभ तक जा सकते थे। आम लोगों के प्रवेश, जुलूस और प्रदर्शन पर रोक थी।
इसके बावजूद मंगलवार शाम दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया। मंदिर प्रशासन ने अपनी परंपराओं का हवाला देते हुए वहां दीप जलाने की अनुमति नहीं दी। मंदिर के न्यासियों का कहना था कि वर्षों से महादीपम उचिपिल्लैयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में ही जलाया जाता रहा है। उनके मुताबिक, दीपथून पर दीप जलाना स्थापित धार्मिक परंपरा का हिस्सा नहीं है।
तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में क्या दलील दी?
बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से बताया गया कि मदुरै के जिलाधिकारी निशांत कृष्ण ने अदालत के आदेश का पालन कराने की कोशिश की थी, लेकिन मंदिर प्रशासन ने सहयोग नहीं किया।
जिलाधिकारी की रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मंदिर प्रशासन से बातचीत की, बैठकें कीं और अधिकारियों को पत्र भी लिखे। इसके बावजूद मंदिर के न्यासियों ने दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी। न्यासियों ने इसके बजाय पारंपरिक स्थान पर ही अनुष्ठान कराने का फैसला किया।
राज्य सरकार ने अदालत के सामने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए खेद जताया। इस पर सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा कि मामले में उचित अवमानना याचिका दाखिल की जा सकती है। अदालत ने संकेत दिया कि याचिका आने पर उस पर सुनवाई की जाएगी।
भाजपा ने इसे बताया संवैधानिक सत्ता का अपमान
दीपम विवाद पर भाजपा ने तमिलनाडु सरकार और विपक्षी दलों के रुख की कड़ी आलोचना की है। पार्टी ने आरोप लगाया कि सुप्रीम कोर्ट के स्पष्ट निर्देश के बावजूद दीपथून पर दीप नहीं जलने देना संवैधानिक सत्ता का सबसे बड़ा अपमान है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि अदालत के आदेश का पालन करना सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है। धार्मिक परंपराओं और श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े मामले में सरकार को अदालत के निर्देशों के अनुसार काम करना चाहिए था।
भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को हिंदू धार्मिक परंपराओं के खिलाफ साजिश से जोड़ते हुए सवाल उठाए हैं। पार्टी का आरोप है कि धार्मिक भावनाओं से जुड़े इस मुद्दे पर राजनीतिक हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। हालांकि, सरकार और मंदिर प्रशासन की दलील इससे अलग है।
क्या है दीपथून और कहां से शुरू हुआ विवाद?
तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी मदुरै के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। यहां भगवान मुरुगन का प्रसिद्ध मंदिर है। इसी पहाड़ी पर एक दरगाह भी स्थित है। दीपथून को लेकर विवाद इस बात पर है कि क्या कार्तिगई दीपम का दीप इस पत्थर के स्तंभ पर जलाया जाना चाहिए या परंपरागत दीप मंडपम में ही अनुष्ठान होना चाहिए।
हिंदू संगठनों का दावा है कि दीपथून पर दीप जलाने की धार्मिक परंपरा रही है। वहीं दरगाह से जुड़े पक्षों और राज्य सरकार का कहना है कि वहां दीप जलाने की कोई प्रमाणित और स्थापित परंपरा नहीं है। उनका तर्क है कि विवादित स्तंभ दरगाह के नजदीक है और वहां धार्मिक गतिविधि शुरू करने से तनाव पैदा हो सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने अंतरिम आदेश में साफ किया था कि इस साल दीपथून पर दीप जलाने की अनुमति केवल एक बार के विशेष इंतजाम के तौर पर दी जा रही है। इससे किसी स्थायी धार्मिक अधिकार या जमीन के मालिकाना हक का फैसला नहीं होगा। फिलहाल सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर है। अदालत इस मामले में क्या रुख अपनाती है, इससे न केवल दीपथून विवाद की आगे की दिशा तय होगी, बल्कि राज्य सरकार और मंदिर प्रशासन की जवाबदेही पर भी स्थिति स्पष्ट हो सकती है।


