उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है। ‘जय श्रीराम’ के बाद अब ‘राधे-राधे’ का नारा प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है। इसी बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और उसके संभावित गठबंधन सहयोगियों पर निशाना साधते हुए तीखा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि ‘राधे-राधे तो अभी शुरुआत है, समाजवादी पार्टी के लिए अब राम नाम सत्य का समय आने वाला है।’ योगी के इस बयान को 2027 के चुनाव से पहले भाजपा की आक्रामक राजनीतिक रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
‘राधे-राधे’ के नारे पर शुरू हुई सियासी जंग
दरअसल, भाजपा ने मथुरा में आयोजित दो दिवसीय संगठनात्मक बैठक के दौरान ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का नारा दिया था। इसके बाद पार्टी नेताओं ने इसे अपने राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाना शुरू कर दिया। भाजपा का कहना है कि राधे-राधे ब्रज की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान है।
दूसरी तरफ सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा के इस नारे पर तंज कसते हुए कहा था कि राधे-राधे विदाई के समय भी कहा जाता है। उन्होंने दावा किया कि 2027 में जनता भाजपा को सत्ता से विदा कर देगी।
केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक भी कर चुके हैं हमला
अखिलेश यादव की टिप्पणी के बाद उत्तर प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी सपा पर हमलावर हो गए। केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपा पहले जय श्रीराम के नारे से परेशान होती थी और अब राधे-राधे से भी बेचैन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश की जनता को अपने आराध्य का नाम लेने के लिए अखिलेश यादव से अनुमति लेनी होगी? वहीं, ब्रजेश पाठक ने भी सपा पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया।
मथुरा से लेकर अयोध्या तक भाजपा का धार्मिक एजेंडा
भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए अयोध्या के बाद मथुरा को भी अपनी राजनीतिक चर्चा के केंद्र में रखा है। पार्टी के नेताओं ने कृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण की मांग दोहराई है। केशव प्रसाद मौर्य पहले ही ‘अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है’ का नारा दे चुके हैं।
उधर, सपा कार्यकर्ताओं की ओर से लखनऊ में ’27 में कृष्ण आएंगे’ का पोस्टर लगाया गया था। इसके जवाब में भाजपा की ओर से ‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ का पोस्टर सामने आया।
2027 के चुनाव में तेज होगा मुकाबला
उत्तर प्रदेश में भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की तैयारी कर रही है, जबकि अखिलेश यादव सत्ता में वापसी के लिए विपक्षी दलों को एकजुट करने में जुटे हैं। ऐसे में धार्मिक प्रतीकों, राम मंदिर और कृष्ण जन्मभूमि जैसे मुद्दों पर दोनों दलों के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ने के संकेत हैं। अब देखना होगा कि चुनाव से पहले यह जुबानी जंग मतदाताओं को कितना प्रभावित करती है।


