देश के पांच राज्यों में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। इन राज्यों में भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, आम आदमी पार्टी और क्षेत्रीय दलों ने अभी से अपनी चुनावी तैयारियां शुरू कर दी हैं। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि चुनाव आयोग इन पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का एलान कब करेगा और कितने चरणों में मतदान कराया जाएगा?
कब हो सकता है चुनाव की तारीखों का एलान?
भारत निर्वाचन आयोग आमतौर पर विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा मतदान से कुछ सप्ताह पहले करता है। इसके साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है। 2027 के चुनावों के लिए फिलहाल तारीखों की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। चुनाव आयोग की ओर से कार्यक्रम जारी होने के बाद ही मतदान, नामांकन, जांच और मतगणना की तारीखें स्पष्ट होंगी।
15 जनवरी के आसपास हो सकता है चुनाव कार्यक्रम का एलान
चुनाव आयोग की तैयारियों को देखते हुए पांचों राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 15 जनवरी 2027 के आसपास हो सकती है। हालांकि, यह संभावित तारीख है, आयोग ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
आमतौर पर चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाती है। इसके बाद राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार प्रचार करना होता है।
24 फरवरी से 8 मार्च के बीच हो सकता है मतदान
रिपोर्ट के अनुसार, पांचों राज्यों में मतदान की प्रक्रिया 24 फरवरी से 8 मार्च 2027 के बीच पूरी कराए जाने की संभावना है। उत्तर प्रदेश में तीन से चार चरणों में मतदान हो सकता है, जबकि पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में एक चरण में चुनाव कराने की तैयारी है।
2022 में इन पांचों राज्यों के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा 8 जनवरी को हुई थी। उस समय भी अलग-अलग चरणों में मतदान कराया गया था और 10 मार्च को नतीजे घोषित किए गए थे।
बोर्ड परीक्षाओं और माघ मेले का भी ध्यान
इस बार चुनाव कार्यक्रम तैयार करते समय आयोग के सामने कई महत्वपूर्ण चुनौतियां हैं। उत्तर प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं 5 फरवरी से 24 फरवरी तक प्रस्तावित हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्रों और मतदान केंद्रों के बीच समन्वय बनाना जरूरी होगा।
इसके अलावा प्रयागराज में माघ मेला भी चुनाव कार्यक्रम को प्रभावित कर सकता है। माघ मेला 14 जनवरी से 9 मार्च तक चलेगा। इस दौरान लाखों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचते हैं। कल्पवासी 20 फरवरी तक माघी पूर्णिमा के अवसर पर यहां रहते हैं। ऐसे में आयोग मतदान की तारीखें तय करते समय धार्मिक आयोजन और यातायात व्यवस्था को भी ध्यान में रख सकता है।
कब समाप्त हो रहा है पांचों विधानसभाओं का कार्यकाल?
पांचों राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल अलग-अलग तारीखों पर समाप्त हो रहा है। सबसे पहले मणिपुर विधानसभा का कार्यकाल 13 मार्च 2027 को खत्म होगा। इसके बाद गोवा का 14 मार्च, पंजाब का 16 मार्च और उत्तराखंड का 28 मार्च को कार्यकाल समाप्त होगा। उत्तर प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 22 मई 2027 तक है।
चुनाव की तैयारियों में जुटा आयोग
चुनाव आयोग ने पांचों राज्यों में तैयारियों की समीक्षा शुरू कर दी है। अधिकारियों की टीमें मतदान केंद्रों, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों का जायजा ले रही हैं। उत्तर प्रदेश और गोवा में अधिकारियों के दौरे 15 दिसंबर तक पूरे होने की उम्मीद है। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त राज्यों का दौरा कर सकते हैं।
फिलहाल सभी राजनीतिक दल चुनावी समीकरण बनाने और उम्मीदवारों के चयन की तैयारी में जुटे हैं। अब सबकी नजर चुनाव आयोग की आधिकारिक घोषणा पर है, जिससे यह स्पष्ट होगा कि किस राज्य में किस तारीख को मतदान होगा और नतीजे कब आएंगे।


