उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के 39 प्रत्याशियों और विधानसभा सीटों से जुड़ी एक कथित सूची सोशल मीडिया पर वायरल होने का दावा किया जा रहा है। इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, वायरल सूची को कांग्रेस की आधिकारिक उम्मीदवार सूची मानना सही नहीं होगा। दोनों दलों के बीच अभी सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है और अंतिम सहमति का इंतजार है।
181 सीटों की मांग से शुरू हुई थी चर्चा
दरअसल, कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर विवाद उस समय चर्चा में आया, जब सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा था कि कांग्रेस ने 2027 के चुनाव के लिए 181 सीटों की मांग की है। इसके बाद सोशल मीडिया पर 181 विधानसभा क्षेत्रों की एक सूची प्रसारित हुई थी। कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने इस सूची को फर्जी बताया था।
हालांकि, कांग्रेस ने सपा के सामने अपनी दावेदारी पेश करने के लिए सीटों की सूची तैयार की थी। इसमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल बताई गई थी।
सीट बंटवारे पर लगातार हो रही बातचीत
23 नवंबर को दोनों दलों के नेताओं के बीच दिल्ली में पहली दौर की बातचीत हुई। इस बैठक में कांग्रेस ने अपनी पुरानी मांग में बदलाव करते हुए करीब 100 से 120 सीटों की नई सूची सपा को सौंपी। सूत्रों के मुताबिक, इसमें पहले की सूची से 70 से 80 सीटें कम हैं।
24 नवंबर को भी दोनों दलों के बीच बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद है। कांग्रेस हर जिले में कम से कम एक सीट चाहती है, ताकि प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में संगठन को मजबूत करने का मौका मिले। दोनों पक्षों ने गठबंधन को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं।
किन नेताओं के हाथ में है जिम्मेदारी?
कांग्रेस की ओर से बातचीत की जिम्मेदारी प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा और इमरान मसूद को दी गई है। वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव समेत वरिष्ठ नेता बातचीत में शामिल हैं।
2027 में भाजपा को चुनौती देने की तैयारी
2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटें जीती थीं। इसी प्रदर्शन के आधार पर दोनों दल 2027 में भी साथ चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस केवल दो सीटें जीत सकी थी, जबकि सपा ने 111 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
ऐसे में सीटों का बंटवारा दोनों दलों के लिए आसान नहीं होगा। फिलहाल वायरल 39 सीटों वाली सूची को आधिकारिक प्रत्याशी घोषणा नहीं माना जा सकता। उम्मीदवारों के नाम और सीटों पर अंतिम फैसला गठबंधन और चुनावी रणनीति तय होने के बाद ही सामने आएगा।


