देशभर में महंगाई का असर अब आम आदमी की रसोई पर साफ दिखाई देने लगा है। सरसों तेल, अरहर दाल, चना, चीनी, चावल और दूध जैसी रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम बढ़ने से परिवारों का मासिक बजट बिगड़ रहा है। दिल्ली से मुंबई और कोलकाता से रांची तक खाद्य पदार्थों की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। सबसे ज्यादा चिंता खाद्य तेल और दालों के बढ़ते भाव को लेकर है। कई शहरों में सरसों तेल 250 रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गया है, जबकि अरहर दाल 150 रुपये किलो तक बिक रही है।
अरहर दाल ने बढ़ाई सबसे ज्यादा परेशानी
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में अरहर दाल की कीमत एक साल पहले 106 रुपये प्रति किलो थी, जो अब बढ़कर 150 रुपये हो गई है। मुंबई में इसका भाव 157 रुपये, कोलकाता में 150 रुपये, चेन्नई में 147 रुपये और रांची में 144 रुपये प्रति किलो दर्ज किया गया है।
चना दाल भी महंगी हुई है। दिल्ली में इसका भाव 88 रुपये से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो हो गया है। मुंबई में चना दाल 118 रुपये और चेन्नई में 105 रुपये किलो बिक रही है। उड़द दाल की कीमत दिल्ली में 150 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है, जबकि मूंग दाल 120 रुपये किलो के आसपास है।
सरसों तेल के दाम में भी तेज उछाल
खाद्य तेलों की कीमतों में भी लगातार तेजी देखने को मिल रही है। सरसों तेल सबसे ज्यादा महंगा हुआ है। चेन्नई में इसका भाव 258 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। मुंबई में 256 रुपये, कोलकाता में 235 रुपये और रांची में 224 रुपये प्रति किलो कीमत दर्ज की गई है।
दिल्ली में सरसों तेल का भाव एक साल में करीब 33 रुपये बढ़कर 227 रुपये प्रति किलो हो गया है। मूंगफली तेल भी 203 रुपये से बढ़कर 227 रुपये और सोया तेल 168 रुपये से बढ़कर 181 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है। आंकड़ों के मुताबिक, एक महीने में सरसों तेल की कीमत में 4.15 प्रतिशत की तेजी आई है।
चीनी और चावल भी महंगे
महंगाई की मार केवल दाल और तेल तक सीमित नहीं है। चीनी की कीमतों में एक साल के दौरान करीब 32 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रांची में चीनी 63 से 69 रुपये प्रति किलो के भाव पर बिक रही है। वहीं चावल की कीमतों में करीब 15 प्रतिशत का उछाल आया है। गेहूं के दाम में तुलनात्मक रूप से करीब 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है।
दूध की कीमतों ने भी बढ़ाया बोझ
दूध की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से घरों का खर्च और बढ़ गया है। अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी जैसी कंपनियों ने बीते एक साल में दूध के दामों में 8 रुपये प्रति लीटर तक की वृद्धि की है। मदर डेयरी का टोंड दूध 60 से बढ़कर 62 रुपये और फुल क्रीम दूध 72 से बढ़कर 76 रुपये प्रति लीटर हो गया है। दूध महंगा होने से घी, मक्खन और क्रीम की कीमतों पर भी असर पड़ा है।
सरकार ने उठाए कदम, लेकिन राहत का इंतजार
दालों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए सरकार ने अरहर और उड़द के शुल्क-मुक्त आयात की अनुमति 31 मार्च 2027 तक बढ़ाई है। चावल की कीमतों पर नियंत्रण के लिए ओपन मार्केट सेल स्कीम के तहत बिक्री का लक्ष्य 25 लाख टन से बढ़ाकर 50 लाख टन किया गया है।
इसके बावजूद बढ़ती कीमतें आम परिवारों के लिए चुनौती बनी हुई हैं। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि सरकारी कदमों से बाजार में आपूर्ति बढ़ेगी और रोजमर्रा की चीजों के दामों में कब राहत मिलेगी।


