कोरोना महामारी के कई साल बाद एक बार फिर नए कोविड वैरिएंट ने दुनिया का ध्यान खींचा है। SARS-CoV-2 के नए वंश PJ.2.1 की मौजूदगी अब तक 18 देशों में दर्ज की जा चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इसे ‘वैरिएंट अंडर मॉनिटरिंग’ यानी निगरानी वाले वैरिएंट की श्रेणी में रखा है। इसके तेजी से फैलने की क्षमता और स्पाइक प्रोटीन में हुए बदलावों के कारण वैज्ञानिक इसकी निगरानी कर रहे हैं। हालांकि, फिलहाल राहत की बात यह है कि इसके ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करने के ठोस प्रमाण नहीं मिले हैं। WHO ने वैश्विक स्तर पर इससे जुड़े अतिरिक्त सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम को कम आंका है, लेकिन इस आकलन पर भरोसे का स्तर अभी सीमित है।
कनाडा में पहली बार मिला था वैरिएंट
PJ.2.1 की पहली पहचान मई 2026 में कनाडा के ओंटारियो प्रांत में हुई थी। इसके बाद अमेरिका, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, इजरायल, फ्रांस और स्पेन समेत कई देशों में इसके मामले सामने आए। 8 नवंबर तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, 18 देशों में इसकी मौजूदगी दर्ज की गई थी।
यह JN.1 वंश से जुड़े कोरोना वायरस का नया स्वरूप है। वैज्ञानिकों ने इसके स्पाइक प्रोटीन में करीब 24 बदलावों की पहचान की है। स्पाइक प्रोटीन वायरस को मानव कोशिकाओं से जुड़ने और उनमें प्रवेश करने में मदद करता है। इन बदलावों के कारण PJ.2.1 की कोशिकाओं से जुड़ने की क्षमता बढ़ सकती है। इसी वजह से विशेषज्ञ इसके प्रसार पर नजर रख रहे हैं।
क्या पहले से ज्यादा खतरनाक है नया वैरिएंट?
सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या PJ.2.1 से संक्रमित होने पर मरीजों की हालत पहले के मुकाबले ज्यादा गंभीर हो सकती है? WHO के 19 नवंबर के शुरुआती जोखिम आकलन के अनुसार, फिलहाल ऐसा कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं है कि यह वैरिएंट पहले के प्रचलित स्वरूपों की तुलना में ज्यादा गंभीर बीमारी पैदा करता है।
प्रयोगशाला में किए गए परीक्षणों में इसकी मानव कोशिकाओं के ACE2 रिसेप्टर से जुड़ने की क्षमता अधिक पाई गई है। हालांकि, उपलब्ध परीक्षणों में टीकों से विकसित एंटीबॉडी को चकमा देने की इसकी अतिरिक्त क्षमता सीमित दिखाई दी है। कुछ वैक्सीन से विकसित एंटीबॉडी ने प्रयोगशाला में इस वैरिएंट को निष्क्रिय करने की क्षमता भी दिखाई है।
इसके बावजूद WHO ने स्पष्ट किया है कि मरीजों पर इसके प्रभाव और बीमारी की गंभीरता को लेकर पर्याप्त तुलनात्मक आंकड़े उपलब्ध नहीं हैं। इसलिए अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि यह कितना गंभीर साबित होगा।
सामान्य सर्दी-जुकाम जैसे हो सकते हैं लक्षण
विशेषज्ञों के अनुसार, PJ.2.1 के लक्षण सामान्य सर्दी और फ्लू से मिलते-जुलते हो सकते हैं। इनमें शामिल हैं:
- बुखार और गले में खराश
- खांसी और नाक बहना
- सिरदर्द और बदन दर्द
- थकान और कमजोरी
- नाक बंद होना या छींक आना
सिर्फ लक्षणों के आधार पर यह पहचानना संभव नहीं है कि संक्रमण कोरोना का है या सामान्य फ्लू का। कोविड जांच से संक्रमण का पता लगाया जा सकता है, जबकि वायरस का विशिष्ट वैरिएंट जानने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग की जरूरत होती है।
भारत में कितना खतरा, किसे रहना चाहिए सतर्क?
भारत में PJ.2.1 के व्यापक प्रसार की पुष्टि करने वाले पर्याप्त सार्वजनिक आंकड़े फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में घबराने के बजाय निगरानी और सावधानी जरूरी है। बुजुर्गों, कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों और पहले से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों को विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए।
विशेषज्ञों की सलाह है कि भीड़भाड़ वाली बंद जगहों पर मास्क पहनें, कमरों में हवा का पर्याप्त आवागमन रखें और लक्षण दिखाई देने पर जांच कराएं। सांस लेने में परेशानी, सीने में दर्द या ऑक्सीजन का स्तर कम होने पर तुरंत चिकित्सकीय मदद लें।
WHO के अनुसार, कोरोना वायरस लगातार बदल रहा है। इसलिए जीनोम निगरानी, समय पर जांच और जोखिम वाले लोगों का टीकाकरण गंभीर संक्रमण से बचाव के लिए अहम बने हुए हैं। फिलहाल PJ.2.1 को लेकर डरने की नहीं, बल्कि सतर्क रहने की जरूरत है।


