भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए राष्ट्रीय टीम में वापसी की राह फिलहाल मुश्किल नजर आ रही है। 2026 टी20 विश्व कप में भारत को चैंपियन बनाने वाले सूर्यकुमार घरेलू क्रिकेट में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद चयनकर्ताओं की योजनाओं में उनकी जगह नहीं बन रही है। बीसीसीआई के एक सूत्र ने साफ किया है कि फिलहाल सूर्यकुमार यादव टीम इंडिया की चयन योजनाओं का हिस्सा नहीं हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह मौजूदा टीम का संयोजन और युवा खिलाड़ियों को भविष्य के लिए तैयार करने की रणनीति है।
बीसीसीआई ने क्यों किया सूर्यकुमार को नजरअंदाज?
समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बीसीसीआई के एक सूत्र ने कहा कि सूर्यकुमार यादव फिलहाल चयनकर्ताओं की योजनाओं में शामिल नहीं हैं। सूत्र के अनुसार, भारतीय टीम में अभी यशस्वी जायसवाल जैसे युवा बल्लेबाज के लिए भी सफेद गेंद के क्रिकेट में जगह निकालना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में सूर्यकुमार को टीम में कहां फिट किया जाए, यह बड़ा सवाल है।
सूत्र ने माना कि सूर्यकुमार कड़ी मेहनत कर रहे हैं और लिस्ट ए क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन भी कर रहे हैं, लेकिन मौजूदा टीम में उनके लिए जगह उपलब्ध नहीं है। इसका मतलब है कि घरेलू क्रिकेट में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद उनकी तत्काल वापसी की संभावना कम है।
कप्तानी छिनने के बाद टीम से भी हुए बाहर
सूर्यकुमार यादव ने 2026 टी20 विश्व कप में भारतीय टीम की कप्तानी की थी। उनकी अगुवाई में भारत ने लगातार दूसरी बार टी20 विश्व कप का खिताब जीता। इसके बावजूद आईपीएल 2026 के बाद उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय टीम से बाहर कर दिया गया और श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया गया।
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने उस समय बदलाव के पीछे सूर्यकुमार के व्यक्तिगत प्रदर्शन और अगले टी20 विश्व कप की तैयारी को वजह बताया था। चयनकर्ता अब भविष्य की टीम तैयार करने पर ध्यान दे रहे हैं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में सूर्यकुमार का तूफान
टीम से बाहर होने के बाद सूर्यकुमार घरेलू क्रिकेट में अपना दम दिखा रहे हैं। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026-27 में मुंबई की कप्तानी करते हुए उन्होंने कई विस्फोटक पारियां खेली हैं।
- हैदराबाद के खिलाफ: 21 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए। इसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे।
- गुजरात के खिलाफ: सिर्फ 29 गेंदों में 82 रन ठोक दिए। इस पारी में नौ चौके और सात छक्के लगाए।
- गोवा के खिलाफ: 12 गेंदों पर 25 रन बनाए और तीन छक्के जड़े।
इन पारियों से सूर्यकुमार ने साबित किया है कि उनमें अब भी आक्रामक बल्लेबाजी करने की क्षमता मौजूद है।
श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में तैयार हो रही नई टीम
चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार की जगह श्रेयस अय्यर को टी20 टीम की कमान सौंपी है। भारतीय टीम अब अगले टी20 विश्व कप और 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक को ध्यान में रखकर अपनी रणनीति बना रही है। ऐसे में युवा खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देने पर जोर है।
फिलहाल सूर्यकुमार के सामने घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन जारी रखने की चुनौती है। हालांकि, बीसीसीआई के ताजा बयान से स्पष्ट है कि केवल शानदार पारियां खेलना उनकी वापसी की गारंटी नहीं है। अब देखना होगा कि भविष्य में चयनकर्ताओं की रणनीति बदलती है या विश्व कप विजेता पूर्व कप्तान के लिए टीम इंडिया के दरवाजे बंद ही रहते हैं।


