रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की फिल्म ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म ने दुनियाभर में 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है, लेकिन इसके बावजूद इसे लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा। अब अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म के निर्माताओं पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म बनाने के दौरान रामायण की मूल कहानी और उसकी पवित्रता के साथ छेड़छाड़ की गई है। उन्होंने निर्माता-निर्देशक से सवाल किया कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बावजूद कहानी की मूल भावना क्यों नहीं बचाई गई?
मुकेश खन्ना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए फिल्म के मेकर्स को निशाने पर लिया। उन्होंने फिल्म के कथित 4000 करोड़ रुपये के बजट पर भी सवाल उठाए।
‘कहानी की पवित्रता रखकर खर्च करते 4000 करोड़’
मुकेश खन्ना ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें रामायण पर 4000 करोड़ रुपये खर्च किए जाने से कोई आपत्ति नहीं है। बल्कि उन्हें खुशी है कि निर्माताओं ने इस कहानी को इतना बड़ा प्रोजेक्ट बनाने के योग्य समझा। हालांकि, उनकी नाराजगी इस बात को लेकर है कि इतनी बड़ी रकम खर्च करने के बावजूद कहानी की मूल भावना को बरकरार नहीं रखा गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि फिल्म में रामायण की कथा के साथ बदलाव किए गए हैं, जिन्हें स्वीकार करना मुश्किल है। खन्ना ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि यह किसी भी हिंदू को मंजूर नहीं होगा। उन्होंने अंत में मेकर्स के लिए ‘धिक्कार है आप पर’ जैसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया।
अपनी ‘संपूर्ण श्रीराम’ सीरीज का दिया उदाहरण
मुकेश खन्ना ने अपनी पोस्ट में अपने यूट्यूब चैनल ‘भीष्म इंटरनेशनल’ पर शुरू की गई ‘संपूर्ण श्रीराम’ सीरीज का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस सीरीज के जरिए वह दर्शकों को रामायण की मूल कथा और उसके प्रसंगों से परिचित कराने की कोशिश कर रहे हैं।
उनका कहना है कि उन्होंने इस सीरीज को बेहद कम बजट में तैयार किया है। इसके बावजूद उनका उद्देश्य रामायण की मूल भावना और कथा को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर फिल्म के निर्माता भी कहानी की पवित्रता बनाए रखते तो उन्हें दर्शकों के विरोध और आलोचना का सामना नहीं करना पड़ता।
पहले भी रणबीर कपूर और यश पर उठा चुके हैं सवाल
यह पहली बार नहीं है जब मुकेश खन्ना ने फिल्म को लेकर नाराजगी जाहिर की है। इससे पहले भी वह रणबीर कपूर के भगवान राम के किरदार और यश के रावण वाले लुक पर सवाल उठा चुके हैं।
उन्होंने कहा था कि रणबीर कपूर का अभिनय और बोलने का अंदाज उन्हें भगवान राम के व्यक्तित्व के अनुरूप नहीं लगता। वहीं, यश के रावण के किरदार को जरूरत से ज्यादा भव्य दिखाने पर भी उन्होंने आपत्ति जताई थी। उन्होंने फिल्म में माता सीता को योद्धा के रूप में दिखाने और कुछ प्रसंगों में बदलाव किए जाने पर भी सवाल उठाए थे।


