केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को अपने जन्मदिन के मौके पर कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर तीखा पलटवार किया। राहुल गांधी के अमेरिका दौरे के दौरान भारतीय अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को लेकर दिए गए बयानों पर रिजिजू ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से विकास कर रहा है और पिछले 10-12 वर्षों में करीब 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘इतनी आजादी से बोलने के बाद यह मत कहिए कि देश में आजादी नहीं है और लोकतंत्र खत्म हो गया है। कृपया करके खुद से तो झूठ मत बोलिए।’
राहुल गांधी के अमेरिका वाले बयान पर आपत्ति
रिजिजू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी विदेश जाकर भारत की स्थिति को गलत तरीके से पेश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता देश को नीचा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। रिजिजू के मुताबिक, राहुल गांधी भारत में रहते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सरकार की आलोचना करते हैं, अपनी बात खुलकर रखते हैं और विदेश यात्राएं भी करते हैं। ऐसे में उनका यह कहना कि देश में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता नहीं है, विरोधाभासी है।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जब चाहें सरकार की आलोचना करते हैं और अपनी बात रखते हैं। अगर देश में लोकतंत्र नहीं होता तो ऐसा करना संभव कैसे होता? रिजिजू ने उनसे अपने बयानों पर दोबारा विचार करने की अपील भी की।
‘भारत में गरीबी खत्म होने के करीब’
गरीबी के मुद्दे पर केंद्रीय मंत्री ने विश्व बैंक की रिपोर्ट का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में 2011 में 57.7 प्रतिशत आबादी गरीबी के दायरे में थी, जो 2023 में घटकर 16.1 प्रतिशत रह गई। इस अवधि में करीब 49.6 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए। रिजिजू ने इसे दुनिया में गरीबी कम करने की तेज रफ्तार वाला उदाहरण बताया।
उन्होंने कांग्रेस के पुराने नारे ‘गरीबी हटाओ’ का जिक्र करते हुए सवाल किया कि पार्टी ने लंबे समय तक इस नारे के आधार पर चुनाव लड़े, लेकिन उसके शासनकाल में गरीबी कितनी कम हुई? रिजिजू ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत गरीबी खत्म करने के लक्ष्य के करीब पहुंच रहा है और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
राहुल गांधी ने अर्थव्यवस्था को बताया था संकट में
दरअसल, राहुल गांधी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। न्यूयॉर्क स्थित कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने कहा था कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है। राहुल ने बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों को इसकी प्रमुख वजह बताया। उनके मुताबिक, पढ़े-लिखे युवाओं के एक वर्ग को अपने भविष्य को लेकर स्पष्ट रास्ता नजर नहीं आ रहा है।
लोकतंत्र और वोट चोरी के आरोपों पर भी जवाब
राहुल गांधी ने अमेरिका में भारतीय लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए थे। उन्होंने वोट चोरी के आरोप दोहराए और कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने के लिए विपक्ष का चुनाव में हिस्सा लेना जरूरी है। इस पर रिजिजू ने पूछा कि अगर देश में लोकतंत्र नहीं है तो राहुल गांधी लगातार सरकार और प्रधानमंत्री की आलोचना कैसे कर पा रहे हैं?
इस तरह गरीबी, अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र के मुद्दों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। एक ओर राहुल गांधी बेरोजगारी और आर्थिक चुनौतियों को लेकर सरकार को घेर रहे हैं, वहीं रिजिजू गरीबी में कमी और आर्थिक विकास के आंकड़ों के जरिए सरकार का पक्ष रख रहे हैं।


