वैश्विक राजनीति में भारत की भूमिका और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कूटनीतिक कदम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय चर्चा का विषय बन गए हैं। एक तरफ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की संभावनाओं को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं, तो दूसरी तरफ अमेरिका के एक चर्चित पॉडकास्टर ने प्रधानमंत्री मोदी के तिरंगे के प्रति सम्मान की जमकर तारीफ की है। पॉडकास्टर ने यहां तक कहा कि मोदी ने महज तीन सेकंड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के अहंकार को चकनाचूर कर दिया। इन दोनों घटनाओं को भारत के अंतरराष्ट्रीय संबंधों और उसकी कूटनीतिक मौजूदगी के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पुतिन ने भारत के साथ फ्री ट्रेड डील का दिया संकेत
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन इन दिनों चीन के शेनझेन में आयोजित एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (APEC) से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। यहां उन्होंने रूस और भारत के आर्थिक संबंधों को लेकर सकारात्मक रुख दिखाया। पुतिन ने भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते की संभावनाओं का समर्थन करते हुए दोनों देशों के बीच व्यापारिक सहयोग बढ़ाने की इच्छा जताई।
रूस और भारत के बीच पहले से ही ऊर्जा, रक्षा, तकनीक और व्यापार के क्षेत्र में मजबूत साझेदारी है। ऐसे में FTA की दिशा में आगे बढ़ने से दोनों देशों के कारोबारियों को नए अवसर मिल सकते हैं। इससे आयात-निर्यात की बाधाएं कम करने और बाजार तक पहुंच आसान बनाने में मदद मिल सकती है।
पुतिन ने वैश्विक आर्थिक व्यवस्था में बदलाव और पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों का जिक्र करते हुए बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था की जरूरत पर भी जोर दिया। उनका मानना है कि देशों को आपसी सहयोग और आर्थिक साझेदारी के जरिए आगे बढ़ना चाहिए।
G3 बैठक को लेकर पुतिन ने क्या कहा?
चीन में पुतिन की मौजूदगी के दौरान अमेरिका, रूस और चीन के शीर्ष नेताओं की प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक भी चर्चा में है। इस बैठक में डोनाल्ड ट्रंप, शी जिनपिंग और व्लादिमीर पुतिन के शामिल होने की संभावना है।
पुतिन ने इस बैठक से काफी उम्मीदें जताई हैं। उनके मुताबिक, रूस, चीन और अमेरिका के नेताओं के बीच बातचीत से वैश्विक मुद्दों पर सकारात्मक परिणाम निकल सकते हैं। यूक्रेन युद्ध, ईरान संकट, व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता और परमाणु सुरक्षा जैसे मुद्दे बातचीत के एजेंडे में शामिल हो सकते हैं।
अमेरिकी पॉडकास्टर ने ट्रंप को लेकर क्या कहा?
प्रधानमंत्री मोदी के इस कदम पर अमेरिका के ‘speaknsee’ नाम से वीडियो बनाने वाले एक पॉडकास्टर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अपने वीडियो में कहा कि मोदी ने तीन सेकंड में ट्रंप के अहंकार को चकनाचूर कर दिया। शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी ने जमीन पर रखा गया तिरंगे वाला मार्कर उठाकर जेब में रख लिया। पूरी दुनिया में इसके लिए पीएम की तारीफ की कि कैसे वो अपने देश और देश के प्रतीकों का सम्मान करते हैं। अमेरिका के एक पॉडकास्टर ने वीडियो में कहा कि भारतीय प्रधानमंत्री ने डोनाल्ड ट्रंप के अहंकार को चकनाचूर कर दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कैमरे के सामने सीधे ट्रंप के मुंह पर उनके अहंकार को चकनाचूर करने की हिम्मत दिखाई। पॉडकास्टर ने दावा किया कि मोदी ने तिरंगे का सम्मान करते हुए यह संदेश दिया कि राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि जब ट्रंप मीडिया से बातचीत में व्यस्त थे, तब मोदी ने आगे बढ़ने का संकेत देकर अपनी बात स्पष्ट कर दी।


