भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड की धरती पर इतिहास रच दिया है। पांचवें और आखिरी वनडे में भारत ने मेजबान टीम को 22 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज 3-1 से अपने नाम कर ली। भारत ने सात साल से चला आ रहा न्यूजीलैंड का घरेलू वनडे सीरीज जीतने का सिलसिला भी तोड़ दिया। इससे पहले कीवी टीम अपने घर में लगातार 11 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीत चुकी थी।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.1 ओवर में 209 रन बनाए थे। लक्ष्य छोटा था और न्यूजीलैंड की परिस्थितियों को देखते हुए भारतीय टीम पर दबाव भी था। हालांकि, गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 48.1 ओवर में 187 रन पर समेट दिया।
कम स्कोर के बावजूद श्रेयस को था भरोसा
मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा कि कम रन बनाने के बावजूद टीम को विश्वास था कि वह किसी भी समय मुकाबले का रुख बदल सकती है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सोच एक जैसी थी और सभी ने अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह निभाया।
श्रेयस के मुताबिक, न्यूजीलैंड में मौसम और मैदान की परिस्थितियां लगातार बदल रही थीं। ऐसे माहौल में टी20 और वनडे दोनों सीरीज जीतना बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि टीम ने मुश्किल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी और खिलाड़ियों ने अपनी क्षमता पर भरोसा बनाए रखा।
बल्लेबाजों का किया बचाव
श्रेयस ने पूरी सीरीज में बल्लेबाजों को मिली चुनौतियों का भी जिक्र किया। उन्होंने माना कि न्यूजीलैंड में बल्लेबाजी करना आसान नहीं था। गेंदबाजों को परिस्थितियों से मदद मिल रही थी और भारतीय बल्लेबाजों को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने जिस तरह मौके पर प्रदर्शन किया, वह काबिलेतारीफ है। खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और टीम के लिए कुछ भी कर गुजरने का जज्बा इस जीत की सबसे बड़ी वजह रहा।
बदलाव और चोटों को नहीं बनाया बहाना
टीम में लगातार बदलाव और कुछ खिलाड़ियों की अनुपलब्धता पर श्रेयस ने कहा कि ऐसी स्थिति में खिलाड़ियों को नई परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है। टेस्ट सीरीज की तैयारी और चोटों के कारण संयोजन में बदलाव चुनौतीपूर्ण था, लेकिन टीम ने इसे बहाना नहीं बनाया। हर खिलाड़ी मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए तैयार था।
अर्शदीप और सिराज ने पलटा मैच
भारत की जीत में गेंदबाजों की भूमिका निर्णायक रही। अर्शदीप सिंह ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल ने दो-दो विकेट हासिल किए। डेब्यू कर रहे यश ठाकुर ने भी एक विकेट लेकर योगदान दिया। अर्शदीप को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरी सीरीज में नौ विकेट लेने वाले गोरनूर बराड़ प्लेयर ऑफ द सीरीज बने।
अक्षर और ईशान ने संभाली भारतीय पारी
इससे पहले भारत की शुरुआत खराब रही। रोहित शर्मा सात और विराट कोहली पांच रन बनाकर आउट हो गए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 22 रन बनाए। इसके बाद अक्षर पटेल और ईशान किशन ने 46-46 रन की पारियां खेलकर टीम को संभाला। नमन धीर ने 22 रन जोड़े। आखिरी ओवरों में अर्शदीप और सिराज ने उपयोगी रन बनाकर स्कोर 209 तक पहुंचाया।
न्यूजीलैंड की ओर से जैकब डफी और मिचेल सैंटनर ने तीन-तीन विकेट लिए। इसके बावजूद भारतीय गेंदबाजों ने छोटे लक्ष्य का बचाव कर सीरीज भारत के नाम कर दी। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 19 नवंबर से होगी।


