HomeHindi News‘पलट देंगे अखिलेश’, आगरा में PDA का मतलब बताया, अखिलेश यादव बोले-...

‘पलट देंगे अखिलेश’, आगरा में PDA का मतलब बताया, अखिलेश यादव बोले- लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने दलितों को अपने साथ जोड़ने की कोशिश तेज कर दी है। रविवार को आगरा के जीआईसी मैदान में आयोजित दलित महासम्मेलन में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने PDA की नई परिभाषा बताते हुए नारा दिया- ‘पीडीए यानी पलट देंगे अखिलेश, पलट देंगे आगरा वाले।’

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग पहले PDA से घबराते थे और अब इसकी अलग-अलग परिभाषाएं बताने लगे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विरोधी इस राजनीतिक विचार को समझ नहीं पाए हैं। सपा प्रमुख का यह बयान 2027 के चुनाव से पहले पार्टी के सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश ने युवाओं और छात्रों को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग डराते-धमकाते हैं और समय-समय पर लाठी निकालते हैं, इस बार उनकी लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। उन्होंने इसे बदलाव का संकेत बताते हुए शिक्षा और तकनीक के महत्व पर जोर दिया।

सपा अध्यक्ष ने प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि पिछले दस वर्षों में सरकारी व्यवस्था कमजोर हुई है। उन्होंने कहा कि स्कूल बंद हो रहे हैं, सरकारी अस्पतालों में इलाज की सुविधाएं प्रभावित हैं और व्यवस्थाएं निजी हाथों में सौंपी जा रही हैं। अखिलेश ने दलित समाज के उत्पीड़न और सरकारी संस्थानों में उनकी भागीदारी का मुद्दा भी उठाया।

30 जिलों के पदाधिकारी हुए शामिल

आगरा के इस सम्मेलन में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 30 जिलों के पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। मंच पर सपा महासचिव रामगोपाल यादव, सांसद और विधायक भी मौजूद रहे। अयोध्या के सांसद अवधेश प्रसाद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 50 सीटें भी नहीं जीत पाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बदलाव की लहर है।

बाल योगी ने सपा की सदस्यता ली

सम्मेलन के दौरान बाल योगी ने अखिलेश यादव की मौजूदगी में समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। उन्होंने अपने साथ गरीब सेना के करीब 70 हजार कार्यकर्ताओं का समर्थन होने का दावा किया। इस घटनाक्रम को भी सपा के दलित संपर्क अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है।

आगरा का यह सम्मेलन सपा के 2027 चुनाव अभियान के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पार्टी PDA के जरिए पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को एक मंच पर लाने की कोशिश कर रही है। वहीं भाजपा नेताओं ने अखिलेश के इस अभियान और PDA की परिभाषा पर सवाल उठाए हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments