बॉलीवुड के दो सुपरस्टार शाहरुख खान और सलमान खान की दोस्ती एक बार फिर चर्चा में है। शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर सलमान ने उन्हें खास अंदाज में शुभकामनाएं दीं। सलमान की दुआ और शाहरुख के जवाब ने प्रशंसकों का दिल जीत लिया। दोनों सितारों के बीच सोशल मीडिया पर हुई यह बातचीत खास इसलिए भी है, क्योंकि शाहरुख ने अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ में शर्टलेस लुक के पीछे सलमान की सलाह का खुलासा किया है।
सलमान ने दी हमेशा जवान रहने की दुआ
शाहरुख खान ने 2 नवंबर को अपना 61वां जन्मदिन मनाया। इस मौके पर दुनियाभर के प्रशंसकों और फिल्मी सितारों ने उन्हें बधाई दी। सलमान खान ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर शाहरुख को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
सलमान ने शाहरुख की आगामी फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘तू मिल जाए’ साझा करते हुए लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे शाहरुख, हमेशा जवान रहो द किंग, यह मेरी दुआ है।’
सलमान का यह संदेश दोनों सितारों के बीच लंबे समय से चली आ रही दोस्ती को दर्शाता है। उनके इस अंदाज ने सोशल मीडिया पर प्रशंसकों को उत्साहित कर दिया।
शाहरुख बोले- आपकी सलाह पर की मेहनत
सलमान की शुभकामनाओं पर शाहरुख खान ने भी बेहद दिलचस्प जवाब दिया। उन्होंने सलमान की इंस्टाग्राम स्टोरी को रीशेयर करते हुए लिखा, ‘आपने कहा बिना शर्ट के अच्छी बॉडी है, सिर्फ इसलिए मेहनत की। लव यू भाई, हमेशा।’
शाहरुख के इस जवाब से साफ हुआ कि फिल्म ‘किंग’ में उनके शानदार शर्टलेस लुक के पीछे सलमान खान की तारीफ और सलाह भी एक प्रेरणा रही। फिल्म के गाने में शाहरुख का फिट और मस्कुलर अंदाज पहले ही प्रशंसकों के बीच चर्चा का विषय बन चुका है।
‘तू मिल जाए’ में दिखा शाहरुख का नया अंदाज
शाहरुख के जन्मदिन के मौके पर फिल्म ‘किंग’ का गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज किया गया। गाने में शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की केमिस्ट्री देखने को मिल रही है। अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने इसे आवाज दी है, जबकि एड शीरन ने इसमें अंग्रेजी रैप लाइन्स शामिल की हैं।
गाने में शाहरुख का शर्टलेस अवतार भी खास आकर्षण बना हुआ है। उनके बदले हुए लुक और फिटनेस की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।
दिसंबर में रिलीज होगी ‘किंग’
सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी ‘किंग’ में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, अभिषेक बच्चन और सुहाना खान भी नजर आएंगे। यह फिल्म 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म से शाहरुख की बेटी सुहाना खान बड़े पर्दे पर डेब्यू करेंगी।
शाहरुख और सलमान की दोस्ती बॉलीवुड की चर्चित दोस्तियों में शामिल है। दोनों की यह बातचीत एक बार फिर दिखाती है कि पर्दे पर प्रतिद्वंद्वी नजर आने वाले सितारों के बीच निजी जिंदगी में कितना अपनापन है।


