पूर्व भारतीय वायुसेना (IAF) फ्लाइट लेफ्टिनेंट अनूप वर्मा द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक विवादित पोस्ट शेयर किए जाने के बाद राजनीतिक गलियारों में नया बवाल खड़ा हो गया है। अनूप वर्मा ने X पर एक कोलाज साझा किया, जिसमें एक तरफ 26/11 मुंबई आतंकी हमले के आतंकवादी अजमल कसाब और दूसरी तरफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी बैग ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर को पोस्ट करते हुए वर्मा ने कैप्शन में लिखा, “पूरे विश्वास के साथ मैं आप लोगों को बता सकता हूं कि बाईं ओर मौजूद व्यक्ति (राहुल गांधी) भारत के लिए बहुत अधिक खतरनाक है।”
इस विवादित टिप्पणी के सामने आने के बाद कांग्रेस सेवा दल के लीगल सेल ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन ने इस पोस्ट के खिलाफ साइबर शिकायत दर्ज कराई है। कांग्रेस सेवा दल ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस नेताओं को निशाना बनाने और लोकतांत्रिक असहमति (dissent) की तुलना आतंकवाद से करने जैसी दुर्भावनापूर्ण कृत्यों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संगठन ने कहा कि वह भारतीय संविधान, भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी एवं साइबर कानूनों के तहत सभी उचित कानूनी माध्यमों का उपयोग करते हुए इस मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। वहीं, सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक बहस छिड़ गई है, जहाँ एक पक्ष इसे बोलने की आजादी बता रहा है, तो दूसरा पक्ष इसे नेताओं की सुरक्षा और सम्मान से जोड़कर देख रहा है।


