More
    HomeHindi NewsBihar Newsअगले 4 दिन भारी बारिश के आसार, 12 से अधिक राज्यों में...

    अगले 4 दिन भारी बारिश के आसार, 12 से अधिक राज्यों में अलर्ट, इन राज्यों में बाढ़ की आशंका

    नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर परेशानी बढ़ा रहा है। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक भारी बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले चार दिनों के दौरान 12 से अधिक राज्यों में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है। मध्य भारत के ऊपर बने निम्न दबाव के क्षेत्र और उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं।

    बारिश का सबसे ज्यादा असर पहाड़ी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। उत्तराखंड में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन से 150 से अधिक सड़कों पर यातायात प्रभावित हुआ है। आदि कैलाश और चीन सीमा को जोड़ने वाली तवाघाट-गुंजी सड़क भी बंद है, जिससे व्यास घाटी का संपर्क प्रभावित हुआ है। धारचूला-तवाघाट मार्ग पर भी कई घंटे यातायात बाधित रहा। चारधाम यात्रा मार्ग पर भी जगह-जगह मलबा आने से आवाजाही मुश्किल हुई है। कई संपर्क मार्ग बंद होने से ग्रामीण इलाकों का संपर्क भी प्रभावित हुआ है।

    जम्मू-कश्मीर में भी भारी बारिश के कारण हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं। कठुआ जिले में सहार खड्ड में बाढ़ आने से आसपास के कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क टूट गया। कठुआ में 101.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अनंतनाग में पहाड़ी से गिरा पत्थर एक वाहन पर जा गिरा, जिससे ओडिशा के एक पर्यटक की मौत हो गई।

    मैदानी राज्यों में भी बारिश ने चिंता बढ़ा दी है। हरियाणा के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है। बिहार में नेपाल और राज्य के ऊपरी क्षेत्रों में लगातार बारिश के चलते प्रमुख नदियां उफान पर हैं और कई स्थानों पर जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया है। रोहतास के इंद्रपुरी सोन बैराज के सभी 69 फाटक खोलकर पानी छोड़ा गया है।

    मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों में बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का खतरा है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों में अचानक बाढ़ की आशंका को लेकर भी सतर्कता जारी है।

    मौसम विभाग ने लोगों को नदी-नालों, भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और निचले इलाकों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सड़क और मौसम की स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही सफर करने की अपील की गई है। अगले कुछ दिन कई राज्यों के लिए बारिश और उससे जुड़ी आपदाओं के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाले हैं।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments