More
    HomeHindi NewsNASA के मून मिशन को झटका, 'न्यू ग्लेन' रॉकेट टेस्टिंग के दौरान...

    NASA के मून मिशन को झटका, ‘न्यू ग्लेन’ रॉकेट टेस्टिंग के दौरान लॉन्च पैड पर फटा

    अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस की अंतरिक्ष कंपनी ‘ब्लू ओरिजिन’ (Blue Origin) को एक बड़ा झटका लगा है। कंपनी के विशालकाय ‘न्यू ग्लेन’ (New Glenn) रॉकेट में फ्लोरिडा के लॉन्च पैड पर टेस्टिंग के दौरान भयानक विस्फोट हो गया। यह हादसा उस समय हुआ जब रॉकेट लॉन्चिंग से पहले ग्राउंड पर ही इसके इंजनों का परीक्षण (Hotfire Test) किया जा रहा था।

    आसमान में उठा आग का गुबार भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह (स्थानीय समय गुरुवार रात लगभग 9 बजे) हुए इस धमाके से केप कैनावेरल और कोको बीच के आसपास के इलाके दहल उठे। विस्फोट इतना जोरदार था कि आसपास के घरों की खिड़कियां और जमीन हिल गई। सोशल मीडिया पर आए वीडियो और तस्वीरों में लॉन्च पैड 36 से आसमान की तरफ उठता हुआ एक विशाल नारंगी रंग का आग का गोला और धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है।

    सभी कर्मचारी सुरक्षित, बेजोस ने कहा- ‘मुश्किल दिन’ राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी हताहत नहीं हुआ है। ब्लू ओरिजिन ने सोशल मीडिया पर इस घटना को एक ‘असंगति’ (Anomaly) बताते हुए कहा कि सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। जेफ बेजोस ने पोस्ट कर लिखा:

    “धमाके के सटीक कारणों का पता लगाना अभी बाकी है, लेकिन हम इसकी जांच कर रहे हैं। यह एक बहुत ही मुश्किल दिन (Rough day) है, लेकिन हम जो भी नुकसान हुआ है उसे दोबारा खड़ा करेंगे और उड़ान पर वापस लौटेंगे।”

    NASA के मून मिशन को लग सकता है झटका यह विस्फोट सिर्फ ब्लू ओरिजिन ही नहीं, बल्कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) के लिए भी एक बड़ा झटका है। नासा ने हाल ही में अपने 20 अरब डॉलर के मून बेस प्रोजेक्ट (Artemis Program) के तहत पहले मानव रहित चंद्र मिशन के लिए ब्लू ओरिजिन को चुना था। इस हादसे के बाद नासा के इस अभियान में देरी होने की आशंका जताई जा रही है।

    इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए बेजोस के प्रतिद्वंद्वी और स्पेसएक्स (SpaceX) के प्रमुख एलन मस्क ने भी सहानुभूति जताते हुए लिखा, “यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है, रॉकेट साइंस वाकई बेहद कठिन है।”

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments