देश के कई हिस्सों में तापमान लगातार रिकॉर्ड तोड़ रहा है और उत्तर से लेकर मध्य भारत तक भीषण गर्मी का सितम जारी है। इस तपते मौसम और लू (हीटवेव) के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए पीएम मोदी ने नागरिकों की सुरक्षा के लिए कई जरूरी दिशा-निर्देश साझा किए हैं और साथ ही समाज के प्रति संवेदनशीलता दिखाने की ‘नेकी की सलाह’ भी दी है।
हाइड्रेटेड रहें और सतर्क रहें
प्रधानमंत्री ने देशवासियों से आग्रह किया है कि वे इस कड़कड़ाती धूप में अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने कहा, “देश के विभिन्न हिस्सों में तापमान लगातार बढ़ रहा है और इसके साथ ही दैनिक जीवन में गर्मी के कारण होने वाली परेशानियां भी बढ़ रही हैं। मैं अपने सभी साथी नागरिकों से यथासंभव सावधानी बरतने का आग्रह करता हूं।” पीएम ने लोगों को लगातार पानी पीने, खुद को हाइड्रेटेड रखने और घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखने की सलाह दी है। इसके अलावा, उन्होंने बुजुर्गों, बच्चों और धूप में काम करने वाले मजदूरों का विशेष ख्याल रखने को कहा है।
पीएम की नेकी की सलाह: प्यासों को पानी पिलाएं
इस संकट के समय में पीएम मोदी ने नागरिकों को दूसरों के प्रति दयाभाव और संवेदनशीलता दिखाने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने अपील की, “इस मौसम में आपकी संवेदनशीलता भी किसी के लिए बहुत बड़ा सहारा बन सकती है। यदि संभव हो, तो अपने आस-पास के किसी भी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर ऑफर करें।”
प्रधानमंत्री ने उन नागरिकों और दुकानदारों की भी जमकर सराहना की, जो इस भीषण गर्मी में राहगीरों के लिए अपने घरों और दुकानों के बाहर मिट्टी के घड़ों (मटकों) में ठंडा पानी रखते हैं। उन्होंने इसे मानवता की सच्ची सेवा बताया।
पशु-पक्षियों के लिए भी रखें पानी
अपनी इस अपील में पीएम ने बेज़ुबान जानवरों और पक्षियों के प्रति भी करुणा दिखाने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे अपनी छतों, बालकनियों, आंगनों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के बाहर पानी से भरे बर्तन या सकोरे रखें, ताकि इस जानलेवा गर्मी में प्यास के कारण किसी भी पशु-पक्षी को अपनी जान न गंवानी पड़े। उन्होंने विश्वास जताया कि देशवासी मिलकर और एक-दूसरे का सहयोग कर इस कठिन मौसम का डटकर सामना करेंगे।


