HomeHindi NewsHaryanaदेहरादून के 7 लोगों ने हरियाणा में दी जान, कार के अंदर...

देहरादून के 7 लोगों ने हरियाणा में दी जान, कार के अंदर मिले शव, यह थी वजह

हरियाणा के पंचकूला में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां देहरादून से आए एक ही परिवार के सात सदस्यों ने कार के अंदर जहर खाकर आत्महत्या कर ली। यह घटना पंचकूला के सेक्टर-27 में एक मकान के बाहर खड़ी कार में हुई, जहां सभी के शव मिले। हालांकि पुलिस का दावा है कि इन्हें अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां एक-एक कर सभी की मौत हो गई। मृतकों की पहचान देहरादून निवासी प्रवीण मित्तल (42), उनके माता-पिता, प्रवीण की पत्नी, दो बेटियां और एक बेटे के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की वजह कर्ज का बोझ और आर्थिक तंगी बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि प्रवीण मित्तल का टूर एंड ट्रैवल्स का कारोबार घाटे में चल रहा था, जिससे परिवार भारी कर्ज में डूब गया था।

बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा सुनने गया था परिवार

यह परिवार हाल ही में पंचकूला में आयोजित बागेश्वर धाम की हनुमंत कथा कार्यक्रम में शामिल होने आया था। कथा समाप्त होने के बाद देहरादून वापस लौटते समय उन्होंने यह भयावह कदम उठाया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, हालांकि उसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी शवों को पंचकूला के निजी अस्पतालों के शवगृह में रखवाया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली के बुराड़ी सामूहिक आत्महत्या कांड की याद दिला दी है, जहां एक ही परिवार के 11 सदस्यों ने जान दे दी थी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments