बिहार बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के हर्नाटांड़ की प्रिया जायसवाल ने साइंस स्ट्रीम में स्टेट टॉप कर अपने परिवार और जिले का नाम रोशन किया है। प्रिया ने 484 अंक (96.8 प्रतिशत) हासिल कर टॉप किया है। वह एसएस हाई स्कूल की छात्रा हैं। उनकी इस कामयाबी से पूरे जिले में खुशी की लहर है। परिजन, शिक्षक और स्थानीय लोग प्रिया की सफलता पर गर्व महसूस कर रहे हैं। प्रिया के पिता विनोद जायसवाल किसान हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं होने दी। पिता के मार्गदर्शन और प्रिया की मेहनत ने यह सफलता दिलाई।
इतने अंक मिले
स्टेट टॉपर प्रिया जायसवाल ने कुल 500 में से 484 अंक हासिल किए हैं। प्रिया को इंग्लिश में 100 में से 97 अंक, हिंदी में 100 में से 94 अंक, फिजिक्स में 100 में से 95, केमेस्ट्री में 100 में से 100 अंक, बायोलॉजी में 100 में से 98 अंक हासिल हुए हैं।
पिता किसान हैं और आटा चक्की चलाते हैं
प्रिया जायसवाल ने बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 में साइंस स्ट्रीम में टॉप किया है। प्रिया ने केवल साइंस स्ट्रीम में ही नहीं बल्कि आट्र्स और कॉमर्स में भी सबसे अधिक अंक प्राप्त किए हैं। प्रिया के पिता एक किसान हैं और आटा चक्की चलाते हैं। प्रिया की बड़ी बहन ने भी 2023 में विज्ञान में राज्य में चौथा स्थान प्राप्त किया था। प्रिया का सपना डॉक्टर बनना है। उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में भी प्रदेश में 8वां स्थान प्राप्त किया था।