दिल्ली चुनाव नतीजे आने के 12 दिन बाद आखिरकार भाजपा ने अपना सीएम चुन लिया है। भाजपा ने महिला कार्ड खेलते हुए रेखा गुप्ता को अपना सीएम चुन लिया। इसके साथ प्रवेश वर्मा और विजेंद्र गुप्ता को डिप्टी सीएम बनाया जाएगा। इस तरह सुषमा स्वराज, शीला दीक्षित और आतिशी के बाद रेखा गुप्ता दिल्ली की चोथी महिला सीएम होंगी। भाजपा ने इस बार भी दावेदारों को पीछे छोड़ते हुए रेखा गुप्ता पर दांव खेला है। भाजपा ने आप की आतिशी के खिलाफ महिला पर दांव खेला है। इसके साथ ही वैश्य को सीएम बनाकर भाजपा ने जाति कार्ड खेलकर आप के दांव को विफल करने का प्रयास किया है। रेखा गुप्ता आरएसएस की पसंद के साथ ही हरियाणा से भी आती हैं। यही वजह है कि अन्य दावेदारों पर वरीयता देते हुए उन्हें दिल्ली का ताज सौंपा गया है।
आतिशी ने कहा-करेंगे पूरा समर्थक
रेखा गुप्ता के दिल्ली की मुख्यमंत्री चुने जाने पर आप नेता अतिशी ने कहा कि मैं रेखा गुप्ता को बहुत-बहुत बधाई देना चाहूंगी और मैं उम्मीद करती हूं कि जो वादे भाजपा ने दिल्ली की जनता से किए हैं, उन वादों को वे जरूर पूरा करेंगी। मैं रेखा गुप्ता को आप की ओर से यह भी कहना चाहूंगी कि दिल्ली के विकास के लिए उन्हें आप से कोई भी मदद या समर्थन चाहिए हो तो उन्हें जरूर मिलेगा। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता दिल्ली की चौथी महिला मुख्यमंत्री बनने जा रही हैं। यह बहुत अच्छी बात है कि महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल रहा है। ये देश की महिलाओं के लिए खुशी की बात है।