महिला सम्मान योजना को लेकर दिल्ली में घमासान मचा हुआ है। भाजपा जहां आम आदमी पार्टी पर लगातार हमलावर है तो अब कांग्रेस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस की शाखा युवा कांग्रेस ने तो पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत देकर अरविंद केजरीवाल के खिलाफ धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा का केस दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली की जनता से धोखाधड़ी गई है, इसलिए अरविंद केजरीवाल पर एफआईआर दर्ज की जाए।
बीजेपी कर रही कांग्रेस के लिए फंडिंग
कांग्रेस के इस आरोप से आम आदमी पार्टी तिलमिला गई है। उसने कांग्रेस पर बीजेपी की स्क्रिप्ट पर चलने का आरोप लगाया है। दिल्ली की सीएम आतिशी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके आरोप लगा दिया कि बीजेपी कांग्रेस के लिए फंडिंग कर रही है। यही नहीं दिल्ली में कांग्रेस बीजेपी को फायदा पहुंचा रही है। आप ने कांग्रेस से अजय माकन के खिलाफ 24 घंटे में कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।
तो इंडिया गठबंधन से हो जाएंगे बाहर
आम आदमी पार्टी और कांग्रेस दोनों ही इंडिया गठबंधन का हिस्सा हैं। लोकसभा चुनाव में दोनों में गठबंधन हुआ और 3-3 सीटों पर चुनाव लड़ा था। हालांकि दोनों पार्टियां एक भी सीट नहीं जीत पाई थीं। लेकिन विधानसभा चुनाव में आप ने कांग्रेस से गठबंधन से साफ इंकार कर दिया है। अब उसने चेतावनी दी है कि अगर कांग्रेस नेता अजय माकन पर कार्रवाई नहीं हुई तो वह कांग्रेस को इंडिया गठबंधन से ही बाहर करने के लिए अन्य घटक दलों से बातचीत शुरू करेगी।