हरियाणा में पिछले दिनों ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। इस पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के जिन क्षेत्रों में ओलावृष्टि के कारण फसलों का नुकसान हुआ है, उनकी स्पेशल गिरदावरी के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि फसल की स्पेशल गिरदावरी करवाकर प्रभावित किसान भाइयों को मुआवजे का भुगतान किया जाएगा। सीएम के इस आदेश के बाद ओलावृष्टि की मार से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है। भाजपा सरकार की संवेदनशीलता से किसानों को आर्थिक मदद मिलेगी।
बर्फबारी से भी प्रभावित हुईं फसलें
हरियाणा में जनवरी माह के अंत एवं फरवरी महीले के आरंभ में हरियाणा के कुछ भागों में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुई थी। इससे रबी की फसलों को नुकसान हुआ है। ओलावृष्टि से उनकी खड़ी फसल खराब हो गई। इसके अलावा अम्बाला जिले के नारायणगढ़ तथा शहजादपुर प्रखंडों में हुई बर्फबारी से करीब 23,485 एकड़ में गेहूं की फसल खराब हुई है। वहीं लगभग 3750 एकड़ में तिलहन की फसल प्रभावित हुई है। भाजपा सरकार इसका भी सर्वेक्षण कराएगी और फसलों को हुए नुकसान का मुआवजा दिया जाएगा।