उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट किया कि भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति रतन टाटा के निधन का अत्यंत दुखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने देश की औद्योगिक प्रगति और सामाजिक विकास के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया। उनका दृष्टिकोण, समर्पण और व्यावसायिक कुशलता न केवल टाटा समूह को नई ऊंचाइयों तक ले गई, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। उन्होंने रोजगार सृजन, समाज के सशक्तिकरण और नवाचार के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
योगदान को भारतवासी सदैव याद रखेंगे
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि सुप्रसिद्ध उद्योगपति, पद्म भूषण व पद्म विभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उन्होंने भारतीय उद्योग जगत को सर्वोच्च स्थान पर स्थापित किया। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, स्वच्छता और मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्यों और देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में उनके योगदान को भारतवासी सदैव याद रखेंगे। साय ने कहा कि उनका सादगीपूर्ण जीवन, नैतिक नेतृत्व और परोपकार की भावना एक मिसाल थी। वह सदैव हमारी यादों में जीवित रहेंगे। उनका निधन भारत और उद्योग जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। देश और समाज में बेहतर बदलाव के लिए उनके द्वारा किए गए अभूतपूर्व कार्य हम सबके लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे। ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों, उनके शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की विनम्र प्रार्थना करता हूं।
अभूतपूर्व योगदान के लिए सदैव याद किया जाएगा
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि देश एवं दुनिया के प्रसिद्ध उद्योगपति, महान देशभक्त व पद्मविभूषण से सम्मानित रतन टाटा के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद एवं पीड़ादायक है। भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने और स्वास्थ्य और जनसेवा के क्षेत्र के आपके अभूतपूर्व योगदान के लिए आपको सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।