महाराष्ट्र के मुंबई के मरीन ड्राइव पर लोग हाई टाइड देखने के लिए एकत्रित हुए। आईएमडी ने आज मुंबई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शहर और उपनगरों में भारी बारिश की संभावना है। साथ ही कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश की संभावना है। कभी-कभी 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी वर्षा और भूस्खलन से हालात बिगड़े हुए हैं। मप्र-छत्तीसगढ़ में भी भारी वर्षा का दौर जारी है। हरियाणा में भी अच्छी बारिश हो रही है।
उत्तराखंड में 17 हजार लोगों का रेस्क्यू
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान पर कहा कि श्रद्धालुओं को निकालने का काम लगभग पूरा हो चुका है। लगभग 17 हजार लोगों को निकाला जा चुका है। हमारा प्रयास है कि जल्द ही संपर्क मार्ग को जोड़ा जाए। जो पुल बह गए हैं उन्हें बहाल किया जाए। बिजली, दूरसंचार की लाइनों को बहाल किया जाए। पूरा प्रशासन बहाली के लिए कार्य कर रहा है। हमारे कमिश्नर नोडल अधिकारी की भूमिका निभाएंगे। विभागीय सचिव कैंप करके लोगों की सहायता करेंगे और स्थिति पर नजर रखेंगे।
हिमाचल में 27 लोग अब भी लापता
शिमला पुलिस महानिदेशक अतुल वर्मा ने हिमाचल में आई आपदा को लेकर राहत-बचाव कार्य पर कहा कि 47 लोग अब भी लापता हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि अब तक 8-9 शव बरामद किए गए हैं। सभी मंत्रियों को कहा गया है कि वे उन जगहों पर नजऱ रखें जहां आपदा आई है। जहां बेली ब्रिज की ज़रूरत है वहां काम चल रहा है, इसे 1-2 दिन में और जगहों पर लगाया जाएगा। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि एक साल पहले हिमाचल में जो आपदा आई थी अभी राज्य उसी से पूरी तरह उभरा नहीं था कि शुरुआती बारिश में त्रासदी आ गई। 55 से ज्यादा लोग लापता हैं। मैंने प्रधानमंत्री मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने हर मदद का आश्वासन दिया है।