दिल्ली में भाजपा ने झुग्गी स्वच्छता अभियान चलाया जिसमें संगठन से लेकर सांसद, विधायक भी शामिल हुए। पूरी दिल्ली में चले अभियान में भाजपा नेताओं ने झाड़ू लगाकर सफाई की, लेकिन उनके निशाने पर दिल्ली की आप सरकार ही रही। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता हर्ष मल्होत्रा ने कलंदर कॉलोनी में पार्टी के झुग्गी स्वच्छता अभियान के तहत स्वच्छता अभियान में भाग लिया तो सांसद बांसुरी स्वराज अपने संसदीय क्षेत्र और दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार झुग्गी बस्ती में सफाई अभियान में भाग लिया।
दिल्ली में अजीब स्थिति, केजरीवाल दें इस्तीफा : हर्ष मल्होत्रा
केंद्रीय राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि दिल्ली में बहुत अजीब स्थिति पैदा हो गई है। जेल से कोई सरकार नहीं चलती। ये अरविंद केजरीवाल की जिद है कि वे इतने बड़े आरोप में जेल में हैं लेकिन इस्तीफा नहीं दे रहे। शायद उन्हें लगता है कि उनके इस्तीफा देते ही बाकी आप नेता कमान संभाल लेंगे। न तो उनमें सुशासन की क्षमता है और न ही उनके दूसरे मंत्रियों और विधायकों में क्षमता है। इसी लापरवाही के कारण ओल्ड राजेंद्र नगर और आशा किरण की घटनाएं हुईं। मेरा मानना है कि केजरीवाल को तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए, उन्हें समझना चाहिए कि दिल्ली की जनता का बहुत ज्यादा नुकसान हो रहा है।
9 सालों में आप ने झुग्गी-झोपडिय़ों में कोई काम नहीं किया : खंडेलवाल
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पिछले 9 सालों में आम आदमी पार्टी की सरकार ने झुग्गी-झोपडिय़ों में कोई काम नहीं किया। भाजपा ने झुग्गी-झोपडिय़ों में सफाई के लिए बड़ी योजना बनाई है। उनके जीवन स्तर को सुधारने के लिए भाजपा ने दिल्ली की झुग्गी-झोपडिय़ों में विशेष कार्यकर्ता नियुक्त किए हैं, जिनकी जिम्मेदारी उन्हें सुविधाएं मुहैया कराना होगी। इसी के तहत भाजपा के नेता और कार्यकर्ता दिल्ली की सभी झुग्गी-झोपडिय़ों में यह स्वच्छता अभियान चला रहे हैं। प्रदेश स्तर के नेताओं से लेकर आम कार्यकर्ता तक सभी इस कार्यक्रम में शामिल हैं, यह लगातार चलने वाला अभियान है।
कई झुग्गियों में सफाई अभियान चलाया : सचदेवा
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा के हमने दिल्ली की कई झुग्गियों में सफाई अभियान चलाया है। बरसात के मौसम में यहां कई तरह की बीमारियां होती हैं और प्रधानमंत्री मोदी लगातार स्वच्छ भारत का आह्वान करते रहे हैं। इसी के तहत हम यह कार्यक्रम कर रहे हैं। दिल्ली में जगह-जगह हमारे कार्यकर्ता स्वच्छता अभियान में हिस्सा ले रहे हैं।