भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबला खत्म होने के बाद भी मैदान के बाहर जुबानी जंग जारी है। अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर नौवीं बार खिताब जीता। आखिरी गेंद पर मिली इस ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर जश्न मनाया। हालांकि, कुछ खिलाड़ियों के पाकिस्तानी क्रिकेटरों की तरफ किए गए आक्रामक इशारे चर्चा का विषय बन गए। अब पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद यूसुफ ने भारतीय खिलाड़ियों को खेल भावना का पाठ पढ़ाया है। उन्होंने सचिन तेंदुलकर और पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर का उदाहरण देते हुए युवाओं को सम्मान और संयम बरतने की सलाह दी।
भारत की जीत के बाद मोहम्मद यूसुफ का संदेश
मोहम्मद यूसुफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। उन्होंने लिखा कि अंडर-19 एशिया कप दोनों टीमों के खिलाड़ियों के लिए सीखने का अच्छा मंच रहा। भारत ने दबाव में पाकिस्तान को हराया और युवा खिलाड़ियों ने भविष्य की संभावनाएं दिखाई हैं।
हालांकि, इसके बाद उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों के जश्न पर सवाल उठाए। यूसुफ ने कहा कि जब कोई खिलाड़ी खेलता है तो वह सिर्फ अपने देश का प्रतिनिधित्व नहीं करता, बल्कि अपने परिवार से मिले संस्कारों और मूल्यों का भी प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने खिलाड़ियों को जीत और हार, दोनों परिस्थितियों में सम्मानजनक व्यवहार करने की सलाह दी। यूसुफ के मुताबिक, असली खेल भावना का पता इस बात से चलता है कि खिलाड़ी जीतने के बाद और हारने के बाद किस तरह पेश आते हैं।
सचिन तेंदुलकर और सईद अनवर का दिया उदाहरण
अपने संदेश में मोहम्मद यूसुफ ने भारतीय दिग्गज सचिन तेंदुलकर और पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाज सईद अनवर का भी उल्लेख किया। उन्होंने दोनों को ऐसे दिग्गज खिलाड़ियों के रूप में पेश किया, जिनसे युवा क्रिकेटरों को खेल भावना सीखनी चाहिए।
उनकी इस टिप्पणी को भारतीय खिलाड़ियों के जश्न पर अप्रत्यक्ष निशाने के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर उनके संदेश को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि खेल भावना की बात करने से पहले पाकिस्तान के खिलाड़ियों के व्यवहार पर भी इसी तरह प्रतिक्रिया देनी चाहिए थी।
338 रन का लक्ष्य, आखिरी गेंद पर भारत की जीत
दरअसल, अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 337 रन बनाए थे। भारत को खिताब जीतने के लिए 338 रन की जरूरत थी। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम एक समय 252 रन पर आठ विकेट गंवा चुकी थी।
इसके बाद मनल चौहान और मोहित उलवा ने शानदार बल्लेबाजी की। मनल ने 47 रन बनाए, जबकि मोहित 26 गेंदों पर नाबाद 49 रन बनाकर भारत को जीत तक ले गए। भारत ने आखिरी गेंद पर चौका लगाकर एक विकेट से मुकाबला अपने नाम किया।
बीसीसीआई सचिव ने किया भारतीय खिलाड़ियों का समर्थन
भारतीय खिलाड़ियों के जश्न पर विवाद के बीच बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने टीम का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का आक्रामक जश्न उनके आत्मविश्वास और लड़ने की भावना को दिखाता है। जब टीम इतनी मुश्किल परिस्थिति से जीत हासिल करती है तो उसे खुशी मनाने का पूरा अधिकार है।
सैकिया ने यह भी कहा कि युवा खिलाड़ियों को अभी पुरस्कार राशि और आर्थिक इनाम के बजाय अपने खेल और अनुभव पर ध्यान देना चाहिए।
इस तरह अंडर-19 एशिया कप का फाइनल अब सिर्फ भारत की ऐतिहासिक जीत के लिए ही नहीं, बल्कि खिलाड़ियों के जश्न और खेल भावना को लेकर छिड़ी बहस के कारण भी चर्चा में है। मोहम्मद यूसुफ की टिप्पणी ने भारत-पाकिस्तान क्रिकेट प्रतिद्वंद्विता को एक बार फिर मैदान के बाहर सुर्खियों में ला दिया है।


