HomeHindi NewsCrimeराजस्थान में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश, पाकिस्तान से मिले थे रुपये,...

राजस्थान में रेलवे ट्रैक उड़ाने की साजिश, पाकिस्तान से मिले थे रुपये, पंजाब से महिला समेत दो गिरफ्तार

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट की जांच में पाकिस्तान कनेक्शन सामने आया है। राजस्थान एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS) और पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब के गुरदासपुर से एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपियों ने पाकिस्तान में बैठे हैंडलर के इशारे पर रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने की साजिश रची थी। इसके लिए उन्हें 30 हजार रुपये भी दिए गए थे। पुलिस को आशंका है कि इस साजिश का मकसद यात्री ट्रेन को विस्फोट से उड़ाना था। मामले में तीन अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है।

पाकिस्तान के शाह नाम के एजेंट के संपर्क में थी महिला

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महकदीप कौर (21) और देवेंद्र सिंह (23) के रूप में हुई है। दोनों पंजाब के गुरदासपुर जिले के रहने वाले हैं। राजस्थान ATS के एडीजी दिनेश एमएन के अनुसार, महकदीप सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे शाह नाम के एजेंट के संपर्क में थी। इसी एजेंट ने रेलवे ट्रैक पर विस्फोट करने के लिए उसे पैसे उपलब्ध कराए थे।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों को राजस्थान भेजते समय आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) नहीं दिया गया था। राजस्थान पहुंचने के बाद उन्हें एक निर्धारित स्थान से विस्फोटक का पैकेट मिला। इसके बाद दोनों ने रेलवे लाइन पर विस्फोट करने की योजना को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और पैसों के लेन-देन की भी जांच कर रही है।

तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे आरोपी

पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि आरोपी इस साजिश को अंजाम देने के लिए तीन बार श्रीगंगानगर पहुंचे थे। पहली बार 6 अक्टूबर को उन्होंने रेलवे ट्रैक और आसपास के इलाकों की रेकी की, लेकिन उस समय वारदात को अंजाम नहीं दे सके।

इसके बाद 12 और 13 अक्टूबर को दोनों फिर श्रीगंगानगर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक लगाया, लेकिन धमाका नहीं हो पाया। दो बार नाकाम होने के बाद आरोपियों ने 3 नवंबर को तीसरी बार प्रयास किया। इस बार रामसिंहपुर क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हो गया।

धमाके से क्षतिग्रस्त हुए थे रेलवे ट्रैक के स्लीपर

3 नवंबर की रात करीब पौने दस बजे हुए विस्फोट से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो स्लीपर क्षतिग्रस्त हो गए थे। पटरी के बीच करीब दो से तीन फीट गहरा गड्ढा बन गया था। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और रेलवे अधिकारियों को सूचना दी।

इस घटना में बड़ा रेल हादसा टल गया, क्योंकि विस्फोट से करीब 75 मिनट पहले अनूपगढ़-सूरतगढ़ यात्री ट्रेन इसी रास्ते से गुजर चुकी थी। घटना के बाद रेलवे प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर इस रूट पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी थी। मरम्मत और सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद 5 नवंबर को रेल सेवाएं बहाल कर दी गई थीं।

तीन अन्य संदिग्ध हिरासत में, नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो हथियार, 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। इन पर आरोपियों को ठहरने की जगह, मोटरसाइकिल और घटनास्थल तक पहुंचने में मदद देने का संदेह है।

केंद्रीय एजेंसी से मिले इनपुट के बाद राजस्थान ATS की टीम पंजाब पहुंची थी। पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। अब बीकानेर रेंज के आईजी ओमप्रकाश और श्रीगंगानगर के एसपी हरिशंकर भी आरोपियों से पूछताछ कर रहे हैं।

जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों का नेटवर्क कितना बड़ा है और इस साजिश में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने फिलहाल रेलवे ट्रैक ब्लास्ट का हाल ही में सीमा क्षेत्र में बरामद 7.5 किलो RDX से कोई संबंध नहीं बताया है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments