जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की चौकी को निशाना बनाकर हमला किया। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे हुए इस हमले में तीन जवान घायल हो गए। हमले की सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद इसकी भयावहता का अंदाजा लगा है। फुटेज में महज 15 सेकंड के भीतर करीब 30 गोलियां चलने की आवाज सुनाई दे रही है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद हुआ है।
15 सेकंड में 30 गोलियां, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, आतंकियों ने कुलगाम के मीर बाजार के पास अखरान इलाके में CRPF की चौकी पर हमला किया। शुरुआती रिपोर्टों में हमलावरों के मोटरसाइकिल से आने की बात कही गई थी। हालांकि, सुरक्षा एजेंसियों की जांच में सामने आया कि दो हथियारबंद आतंकी पैदल ही घने पेड़ों और झाड़ियों की आड़ से चौकी तक पहुंचे थे।
एक आतंकी ने जवानों पर गोलियां चलाईं, जबकि दूसरा उसे कवर दे रहा था। सीसीटीवी फुटेज में पहले 15 सेकंड में करीब 30 गोलियां चलने की आवाज सुनाई देती है। इसके बाद अगले एक मिनट में करीब 12 और गोलियां चलने की आवाज रिकॉर्ड हुई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर जंगल की ओर भाग निकले।
मौके से मिला मोबाइल फोन और सिम कार्ड
सुरक्षा एजेंसियों को घटनास्थल से एक मोटोरोला मोबाइल फोन और सिम कार्ड मिला है। जांच अधिकारी इनकी मदद से हमलावरों की पहचान और उनके नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। आसपास की दुकानों और अन्य स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियों को प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के स्थानीय कमांडर मोहम्मद लतीफ भट की भूमिका पर शक है। हालांकि, हमले में उसकी संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
तीन CRPF जवान घायल, अस्पताल में इलाज
हमले में घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर सिंह और कांस्टेबल राकेश दास व संतोष चंद्रू के रूप में हुई है। तीनों को इलाज के लिए अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
रिपोर्टों के मुताबिक, संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ में गंभीर चोटें आईं, जबकि राकेश दास के पैर और सोमवीर सिंह के हाथ में गोली लगी। अधिकारियों के अनुसार, तीनों जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई गई।
सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी
हमले के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई। अतिरिक्त सुरक्षाबलों की तैनाती के साथ कई स्थानों पर नाकेबंदी की गई है। सेना, पुलिस और CRPF की टीमें संयुक्त रूप से तलाशी अभियान चला रही हैं।
इस हमले से दो दिन पहले इसी चौकी पर एक किशोर द्वारा जवानों को कथित तौर पर धमकी देने की बात भी सामने आई है। पुलिस उसकी पहचान और धमकी के हमले से संबंधों की जांच कर रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।


