मुंबई में बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह की आगामी फिल्म ‘प्रलय’ की शूटिंग को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म की शूटिंग के लिए शहर के ऐतिहासिक आजाद मैदान का इस्तेमाल किए जाने से मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) नाराज है। एसोसिएशन का आरोप है कि महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग ने क्रिकेट गतिविधियों को प्राथमिकता देने के बजाय व्यावसायिक फिल्म शूटिंग की अनुमति दे दी। इससे अंडर-14 और अंडर-16 के इंटर-स्कूल क्रिकेट मैचों का कार्यक्रम प्रभावित हुआ और कई मुकाबले स्थगित करने पड़े। MCA ने इस फैसले के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई है।
बिना सलाह शूटिंग की अनुमति देने पर MCA नाराज
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, MCA ने खेल विभाग के उपनिदेशक को पत्र लिखकर सवाल किया है कि एसोसिएशन से सलाह लिए बिना मैदान पर व्यावसायिक शूटिंग की अनुमति कैसे दे दी गई। MCA एपेक्स काउंसिल के सदस्य नदीम मेमन ने इस फैसले पर नाराजगी जताई है।
उनका कहना है कि आजाद मैदान मुंबई में युवा क्रिकेटरों के लिए महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहां अंडर-14 और अंडर-16 के मुकाबलों के साथ खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और अन्य क्रिकेट गतिविधियों का आयोजन होता है। ऐसे में शूटिंग के कारण मैचों का कार्यक्रम बदलना खिलाड़ियों और आयोजकों के लिए परेशानी का कारण बना।
मेमन ने यह भी बताया कि फिल्म की शूटिंग के लिए मैदान में बड़े-बड़े सेट लगाए गए और खेलने वाली सतह पर कृत्रिम घास बिछाई गई। उन्होंने सवाल उठाया कि युवा खिलाड़ियों के टूर्नामेंट प्रभावित होने पर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।
छह घंटे की शूटिंग के लिए 40 हजार रुपये किराया
रिपोर्ट के अनुसार, महाराष्ट्र सरकार के खेल विभाग ने प्रोडक्शन हाउस लाइट रेज को आजाद मैदान में 5,000 वर्ग गज सरकारी जमीन छह घंटे के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति दी थी। इसके लिए 40 हजार रुपये किराया और इतनी ही राशि रिफंडेबल सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में ली गई।
अनुमति पत्र 30 अक्टूबर को जारी किया गया था और दो नवंबर को इसे खेल एवं युवा सेवा विभाग के उपनिदेशक के माध्यम से आगे भेजा गया। अनुमति के साथ कुछ शर्तें भी रखी गई थीं। इनमें मैदान पर खाना पकाने, पिच खोदने और पिच पर वाहन लाने जैसी गतिविधियों पर रोक शामिल थी।
MCA का कहना है कि मैदान पर पहले से ही कई तरह की गतिविधियों के कारण क्रिकेट प्रभावित हो रहा है। मेट्रो निर्माण के लिए मैदान का एक हिस्सा इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा मुंबई पुलिस और मेट्रो ठेकेदारों के अस्थायी कार्यालयों की मौजूदगी पर भी एसोसिएशन ने चिंता जताई है।
खेल विभाग और हंसल मेहता ने क्या कहा?
खेल विभाग के उपनिदेशक नवनाथ फर्टाडे ने बताया कि सरकारी प्रस्ताव (जीआर) के तहत विभाग को आजाद मैदान का साल में अधिकतम 30 दिनों तक गैर-खेल गतिविधियों के लिए आवंटन करने का अधिकार है। उन्होंने यह भी कहा कि मैदान में मौजूद अस्थायी कार्यालयों को हटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बातचीत चल रही है।
वहीं, फिल्म के निर्माता हंसल मेहता ने MCA की आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनकी प्रोडक्शन टीम ने शूटिंग से पहले सभी जरूरी अनुमतियां संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की थीं। उन्होंने मुंबई में फिल्म शूटिंग के दौरान प्रशासनिक अड़चनों को लेकर भी नाराजगी जताई।
क्या है रणवीर सिंह की फिल्म ‘प्रलय’?
‘प्रलय’ एक आगामी हिंदी डिस्टोपियन जॉम्बी एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसका निर्देशन जय मेहता कर रहे हैं और इसमें रणवीर सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। हंसल मेहता और प्रोडक्शन हाउस लाइट रेज मिलकर फिल्म का निर्माण कर रहे हैं। अभिनेत्री कल्याणी प्रियदर्शन भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। यह उनकी हिंदी फिल्मों में शुरुआत होगी।
फिलहाल विवाद का केंद्र फिल्म की कहानी नहीं, बल्कि एक ऐसे मैदान पर व्यावसायिक शूटिंग की अनुमति है, जहां युवा क्रिकेटर अपने खेल को निखारते हैं। अब देखना होगा कि महाराष्ट्र सरकार इस मामले में MCA की आपत्तियों पर क्या कदम उठाती है।


