HomeHindi NewsDelhi Newsएवरेस्ट बेस कैंप पर टकराए हेलीकॉप्टर, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर,...

एवरेस्ट बेस कैंप पर टकराए हेलीकॉप्टर, कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर, भारतीय नागरिक की मौत

नेपाल में दुनिया की सबसे ऊंची पर्वत चोटी माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप के पास मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे इलाके में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। हादसे में एक भारतीय पर्यटक की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं। हेलीकॉप्टरों की टक्कर का खौफनाक दृश्य कैमरे में कैद हो गया।

लैंडिंग के दौरान हुई टक्कर

पुलिस के मुताबिक, हादसा स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 8:11 बजे खुम्बू पासांग ल्हामू ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड-4 स्थित फेरीचे हेलिपैड पर हुआ। दोनों हेलीकॉप्टर फिस्टेल एयर और एयर डाइनेस्टी के थे। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान दोनों विमान आपस में टकरा गए। फेरीचे एवरेस्ट बेस कैंप जाने वाले रास्ते में पड़ता है। यहां ट्रेकिंग और पर्वतारोहण के लिए आने वाले पर्यटकों को हेलीकॉप्टर से पहुंचाया जाता है।

चेन्नई के पर्यटक की मौत

हादसे में जान गंवाने वाले भारतीय नागरिक की पहचान वसंत कुमार बालारामरामाडु के रूप में हुई है। वह तमिलनाडु के चेन्नई के रहने वाले थे। उनके साथ हेलीकॉप्टर में सवार न्यूजीलैंड के भारतीय मूल के नागरिक शैलेश कृष्ण पटेल घायल हुए हैं। उन्हें उपचार के लिए काठमांडू के अस्पताल में पहुंचाया गया।दोनों हेलीकॉप्टरों के पायलट भी घायल हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए काठमांडू ले जाया गया।

हादसे का वीडियो आया सामने

हेलीकॉप्टरों की टक्कर का वीडियो सामने आने के बाद हादसे की भयावहता को लेकर चर्चा तेज हो गई है। दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। नेपाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़ी अन्य जानकारी जुटाई जा रही है।

एवरेस्ट क्षेत्र में हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल पर्यटकों, पर्वतारोहियों और बीमार ट्रेकर्स को लाने-ले जाने के लिए किया जाता है। दुर्गम पहाड़ी इलाकों और बदलते मौसम के कारण यहां विमान संचालन चुनौतीपूर्ण माना जाता है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments