संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘लव एंड वॉर’ इन दिनों लगातार सुर्खियों में है। रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के फर्स्ट लुक के बाद अब फिल्म से विक्की कौशल का पहला पोस्टर भी सामने आ गया है। मेकर्स ने शनिवार को विक्की का लुक जारी किया, जिसमें अभिनेता बेहद गंभीर और इंटेंस अंदाज में नजर आ रहे हैं।
सिगरेट जलाते दिखे विक्की
पोस्टर में विक्की कौशल के हाथ में लाइटर है और वह सिगरेट जलाते नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे पर गहरी नजर और गंभीर भाव दिखाई दे रहे हैं। रेट्रो हेयरस्टाइल और मूंछों के साथ अभिनेता का लुक फिल्म की पीरियड सेटिंग की झलक देता है। उनके चेहरे पर चोट के निशान भी दिखाई देते हैं, जिससे उनके किरदार को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।
मेकर्स ने पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “नजरें मिलेंगी, लेकिन हटेंगी नहीं!” साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान दोहराया गया है।
रणबीर और आलिया के लुक भी हो चुके हैं जारी
विक्की से पहले रणबीर कपूर और आलिया भट्ट के पोस्टर जारी किए गए थे। रणबीर के पोस्टर में वह विंटेज कार चलाते दिखाई दिए थे। उनके हाथ पर चोट के निशान नजर आए थे। इसके बाद आलिया का रेट्रो और कैबरे-थीम वाला लुक सामने आया, जिसमें वह स्टेज पर परफॉर्म करती दिखाई दीं।
तीनों कलाकारों के पोस्टर फिल्म की अलग-अलग दुनिया की झलक दे रहे हैं, जबकि कहानी से जुड़ी ज्यादातर जानकारी अभी मेकर्स ने गुप्त रखी है। फिल्म को युद्ध की पृष्ठभूमि वाली पीरियड लव स्टोरी बताया जा रहा है। हालांकि, किरदारों और कहानी का विस्तृत विवरण आधिकारिक तौर पर सामने नहीं आया है।
कब रिलीज होगी ‘लव एंड वॉर’?
संजय लीला भंसाली के निर्देशन में बनी ‘लव एंड वॉर’ 21 जनवरी 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी के साथ तमिल और तेलुगु में भी रिलीज की जाएगी। इसमें रणबीर कपूर, आलिया भट्ट और विक्की कौशल मुख्य भूमिकाओं में हैं।
यह फिल्म रणबीर और भंसाली की करीब दो दशक बाद वापसी भी है। दोनों ने इससे पहले 2007 की ‘सांवरिया’ में साथ काम किया था। वहीं, आलिया भट्ट के साथ भंसाली की यह दूसरी फिल्म है।


