भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पत्र साझा करते हुए घोषणा की कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन को अपना आधिकारिक इस्तीफा भेज दिया है और उनसे इसे तुरंत स्वीकार करने की अपील की है।
पहले भी दिया था इस्तीफा, अस्वीकार होने पर दोबारा की अपील
अपने पत्र में शहजाद पूनावाला ने जिक्र किया कि उन्होंने इससे पहले 30 जुलाई 2026 को भी पार्टी नेतृत्व के सामने बिना किसी शर्त के अपना इस्तीफा पेश किया था। उस समय पार्टी ने उनके त्यागपत्र को अस्वीकार करते हुए उन्हें अपने फैसले पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया था। पूनावाला ने कहा कि पार्टी का यह रुख बेहद भावुक और सम्मानजनक था, लेकिन काफी सोच-विचार और मनन के बाद वे अपने फैसले पर कायम हैं। उन्होंने पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से आग्रह किया है कि उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता के दायित्व और भाजपा की सक्रिय सदस्यता से अब मुक्त किया जाए।
फैसले के पीछे बताए ये कारण
पूनावाला ने पत्र में स्पष्ट किया कि वे अत्यावश्यक आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण राजनीति की सक्रिय व्यवस्था छोड़कर निजी क्षेत्र (प्राइवेट सेक्टर) में जा रहे हैं। हालांकि, उन्होंने पत्र में यह भी इशारा किया कि पिछले कुछ दिनों में “कुछ व्यक्तियों” से जुड़ी घटनाओं ने उन्हें अपने पुराने फैसले पर दृढ़ रहने के लिए विवश किया है।
‘व्यवस्था छोड़ रहा हूं, व्यक्ति या विचार नहीं’
पूनावाला ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि भाजपा और संघ परिवार जैसे मंच पर ही मुझ जैसे पसमांदा मुस्लिम और गैर-वंशवादी युवा को ऐसा बड़ा अवसर मिलना संभव था।
अपनी बात समाप्त करते हुए उन्होंने लिखा, “मैं केवल पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, परंतु विचार और व्यक्ति नहीं।” उन्होंने दोहराया कि वे आगे भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण और कार्यों का पूरा समर्थन करते रहेंगे।


