समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के जन्मदिन पर उन्हें देश-दुनिया से ढेरों शुभकामनाएं मिल रही हैं। इस बीच, हमेशा अपनी तीखी बयानबाजी के लिए चर्चा में रहने वाले सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख और यूपी के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बेहद अलग और तंज भरे अंदाज में अखिलेश यादव को बधाई दी है। उन्होंने शुभकामनाओं के साथ-साथ सपा प्रमुख को एक ‘बेशकीमती सलाह’ भी दे डाली।
राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।”
इसके आगे राजभर ने अखिलेश यादव के वीआईपी बैकग्राउंड पर चुटकी लेते हुए लिखा कि वह बहुत सोच रहे थे कि उपहार में क्या दें। उन्होंने आगे कहा, “आप ठहरे बड़े घर के बेटे, पिताजी पूर्व सीएम और रक्षामंत्री रहे, आप खुद पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके हैं। आलीशान बंगलों में जीवन गुजरा है। हम भला क्या दे सकते हैं आपको। मगर उम्र और अनुभव में बड़ा होने के नाते एक बेशकीमती सलाह हम आपको दे सकते हैं। इस सलाह को ही जन्मदिन पर मेरी तरफ से उपहार मानिएगा।”
आलस त्यागने की दी नसीहत
अपने चिरपरिचित अंदाज में राजभर ने अखिलेश यादव को जमीनी स्तर पर सक्रिय होने का संदेश दिया। उन्होंने सलाह देते हुए कहा कि अखिलेश यादव को अब अपना ‘आलस’ त्याग देना चाहिए और वातानुकूलित (एसी) कमरों से बाहर निकलकर सीधे जनता के बीच जाना चाहिए। राजभर का इशारा था कि असली राजनीति ट्विटर या बंद कमरों से नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर संघर्ष करने से होती है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में राजभर और अखिलेश यादव का रिश्ता उतार-चढ़ाव भरा रहा है। कभी दोनों साथ मिलकर चुनाव लड़ चुके हैं, तो कभी एक-दूसरे के धुर विरोधी नजर आते हैं। राजभर का यह ‘बर्थडे गिफ्ट’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर सियासी गलियारों में नई बहस छिड़ गई है।


