टेलीविजन जगत से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। मशहूर टीवी सीरियल ‘कुमकुम भाग्य’ में नजर आ चुकीं युवा अभिनेत्री संचिता उगले (Sanchita Ugale) ने मुंबई में अपने फ्लैट पर पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली है। इस अचानक उठाए गए कदम से उनके फैंस और पूरी एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री गहरे सदमे में है।
19 घंटे पहले शेयर किया था आखिरी वीडियो
अभिनेत्री की मौत के बाद उनका सोशल मीडिया अकाउंट हर किसी का ध्यान खींच रहा है. संचिता ने अपनी मौत से महज 19 घंटे पहले ही इंस्टाग्राम पर एक रील (वीडियो) शेयर की थी। इस आखिरी वीडियो में वह बेहद खुश और सामान्य नजर आ रही थीं। वीडियो में उनके हाव-भाव देखकर कोई भी इस बात का अंदाजा नहीं लगा सकता था कि वह अगले ही कुछ घंटों में ऐसा आत्मघाती कदम उठाने वाली हैं। उनके इस आखिरी पोस्ट पर अब फैंस लगातार कमेंट कर दुख जता रहे हैं और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
पुलिस जांच में जुटी, वजह अभी साफ नहीं
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल से अभी तक कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। संचिता ने यह गंभीर कदम क्यों उठाया, इसकी वास्तविक वजह अभी तक सामने नहीं आ सकी है. पुलिस उनके दोस्तों, परिवार के सदस्यों और करीबियों से पूछताछ कर रही है ताकि डिप्रेशन या किसी अन्य निजी/पेशेवर वजह का पता लगाया जा सके. उनके फोन कॉल्स और चैट्स को भी खंगाला जा रहा है.
‘कुमकुम भाग्य’ से मिली थी पहचान
संचिता उगले टीवी इंडस्ट्री का एक उभरता हुआ चेहरा थीं। उन्हें एकता कपूर के मशहूर डेली सोप ‘कुमकुम भाग्य’ में निभाए गए उनके किरदार से काफी लोकप्रियता मिली थी। वह सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थीं और अक्सर अपने रील्स और तस्वीरें फैंस के साथ साझा करती थीं। इतनी कम उम्र में और करियर के शुरुआती पड़ाव पर उनका इस तरह दुनिया छोड़ जाना हर किसी को परेशान कर रहा है।


