देश में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। पिछले 10 दिनों के भीतर चौथी बार ईंधन के दाम बढ़ाए जाने के बाद विपक्ष ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने इस ताजा बढ़ोतरी को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार किस्तों में ईंधन के दाम बढ़ाकर आम लोगों की जेब पर चुपचाप डाका डाल रही है।
‘इन्फ्लेशन मैन’ मोदी का जनता की जेब पर वार
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा और उन्हें ‘इन्फ्लेशन मैन’ (महंगाई मानव) करार दिया। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, “इन्फ्लेशन मैन मोदी ने फिर हमला किया है। वे पेट्रोल-डीजल के दाम किस्तों में बढ़ा रहे हैं—ताकि आपकी जेब पर लगातार और चुपचाप डाका पड़ता रहे।”
सिलसिला अभी थमेगा नहीं, यह लगातार जारी रहेगा
कांग्रेस नेता ने सरकार पर अवसरवाद का आरोप लगाते हुए कहा कि आर्थिक संकट की चेतावनियों के बावजूद सरकार केवल चुनावों में व्यस्त थी। उन्होंने कहा:
- आर्थिक तूफान की चेतावनी: “मैं पिछले कई महीनों से चेतावनी दे रहा था कि देश में एक बड़ा आर्थिक तूफान आने वाला है। लेकिन मोदी जी, हमेशा की तरह, उस समय चुनाव प्रचार में व्यस्त थे।”
- चुनाव खत्म होते ही मार: “जैसे ही चुनाव खत्म हुए, पेट्रोल और डीजल के दामों में लगभग 8 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी गई। और दामों में बढ़ोतरी का यह सिलसिला अभी थमेगा नहीं, यह लगातार जारी रहेगा।”
चुनावी वादे और जनता को महंगाई का तोहफा
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर केवल चुनावी लाभ के लिए वादे करने का आरोप लगाया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ‘इन्फ्लेशन मैन’ मोदी का एकमात्र काम चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादे करना है, और चुनाव खत्म होने के बाद बाकी का पूरा समय जनता की जेब पर वार करने में बिताना है।
गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों के ठीक बाद, 15 मई से तेल कंपनियों ने करीब चार साल से कीमतों पर लगी रोक को हटाकर रोजाना संशोधन शुरू किया है, जिसके बाद से अब तक ईंधन के दाम करीब ₹7.5 प्रति लीटर तक बढ़ चुके हैं।


