पहले चरण में कुल 16 मंत्रियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो रहा है। मतदान 115 विधानसभा क्षेत्रों के 45,341 मतदान केंद्रों पर हो रहा है। कुल विधानसभा क्षेत्र 115 हैं,जबकि कुल मतदान केंद्र 45,341 है। वोटिंग समय अधिकांश केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक है। छह विधानसभा क्षेत्रों के 2,135 मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग है। आज जनता इन सभी दिग्गज नेताओं के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद कर रही है।
महत्वपूर्ण हाई-प्रोफाइल सीटें
पहले चरण में केवल मंत्री ही नहीं, बल्कि कई अन्य दिग्गज नेताओं की किस्मत भी दांव पर है, जिनमें प्रमुख हैं:
- राघोपुर: महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव (राजद) के सामने भाजपा के सतीश कुमार हैं, जिन्होंने 2010 में राबड़ी देवी को हराया था।
- महुआ: यहाँ तेज प्रताप यादव (जनशक्ति जनता दल) बहुकोणीय मुकाबले में हैं। उनकी टक्कर मौजूदा राजद विधायक मुकेश रौशन और लोजपा (रामविलास) के संजय सिंह से है।
- अलीपुर: भाजपा ने यहाँ लोकगायिका मैथिली ठाकुर को टिकट दिया है, जिनका मुकाबला राजद के विनोद मिश्रा से है।
- मोकामा: यहाँ से हाल ही में गिरफ्तार हुए निर्दलीय उम्मीदवार अनंत सिंह की पत्नी वीणा देवी राजद के टिकट पर चुनाव लड़ रही हैं।
प्रमुख मंत्री और उनके प्रतिद्वंद्वी
| विधानसभा क्षेत्र | मंत्री (पार्टी) | प्रमुख प्रतिद्वंद्वी (पार्टी) | जन सुराज उम्मीदवार और अन्य खास बातें |
| तारापुर | सम्राट चौधरी (उपमुख्यमंत्री, भाजपा) | अरुण साह (राजद) | डॉ. संतोष सिंह (राजपूत चिकित्सक) जन सुराज से मैदान में, भाजपा के कोर वोटर पर निशाना। |
| भोरे | सुनील कुमार (शिक्षा मंत्री, जदयू) | भाकपा माले का पासवान जाति के धनंजय | जन सुराज से प्रीति किन्नर के उतरने से सीट चर्चा में। |
| अमनौर | कृष्ण कुमार मंटू (भाजपा) | सुनील राय (राजद) | जन सुराज ने भूमिहार जाति के राहुल सिंह को टिकट दिया, जो भाजपा के कोर वर्ग को साधने की कोशिश है। |
| कल्याणपुर | महेश्वर हजारी (जदयू) | भाकपा माले के रंजीत राम (रविदास वर्ग) | जन सुराज ने उप मेयर राम बालक पासवान को उतारा है। |
| सरायरंजन | विजय कुमार चौधरी (जदयू) | अरविंद सहनी (राजद) | जन सुराज ने ब्राह्मण सज्जन मिश्रा को उतारा है, जो विजय कुमार चौधरी के वर्ग के वोटों को निशाने पर रख सकते हैं। |
| बछवाड़ा | सुरेंद्र मेहता (भाजपा) | भाकपा के अवधेश राय (यादव जाति) | जन सुराज ने भूमिहार वर्ग के रामोद कुंवर (पूर्व माले नेता) को उतारा है। |
| बिहारशरीफ | डॉ. सुनील कुमार (पर्यावरण मंत्री, भाजपा) | भाकपा के शिव कुमार यादव | जन सुराज ने कुशवाहा वर्ग के पूर्व मेयर दिनेश कुमार को मैदान में उतारा है। |
| नालंदा | श्रवण कुमार (ग्रामीण विकास मंत्री, जदयू) | कांग्रेस के कौशलेंद्र कुमार उर्फ छोटे मुखिया | जिला परिषद् सदस्य और कुर्मी जाति की प्रत्याशी कुमारी पूनम सिन्हा जन सुराज से मैदान में हैं। |
| बांकीपुर | नितिन नवीन (पथ निर्माण मंत्री, भाजपा) | रेखा गुप्ता (राजद, पिछली बार कांग्रेस के पास थी) | जन सुराज ने भूमिहार जाति की वंदना कुमारी को उतारा है, जो भाजपा को निशाने पर लेने की रणनीति का हिस्सा है। |


