देश-दुनिया के इतिहास में 20 अप्रैल का दिन निर्णायक साबित हुआ है। इस दिन अनेक ऐसी घटनाएं हुईं जिन्होंने पूरे विश्व पर प्रभाव डाला। 20 अप्रैल 1889 को जर्मन तानाशाह अडोल्फ हिटलर का जन्म हुआ। हिटलर के कारण ही पूरी दुनिया में द्वितीय विश्व युद्ध हुआ। हिटलर ने अपने शासनकाल में लाखों निर्दोषों को मौत के घाट उतारा। उसने 1933 से 1945 तक सत्ता संभाली। 1 सितंबर 1939 को पोलैंड पर उनके आक्रमण ने द्वितीय विश्व युद्ध की शुरुआत की। उसने लगभग छह मिलियन यहूदियों और लाखों अन्य पीडि़तों का नरसंहार किया और आखिर में हार के कारण खुद आत्महत्या कर ली।
सोवियत संघ पर हमला और खेल खत्म
पोलैंड पर जर्मनी के आक्रमण के बाद ब्रिटेन और फ्रांस ने जर्मनी पर युद्ध की घोषणा कर दी। हिटलर ने यूरोप के अधिकांश हिस्सों पर विजय प्राप्त की, लेकिन 1941 में विश्व की दूसरी महाशक्ति सोवियत संघ पर आक्रमण करने का उनका निर्णय एक बड़ी गलती साबित हुई। अप्रैल 1945 में सोवियत सेना जर्मनी के बर्लिन में प्रवेश कर चुकी थी। हिटलर ने अपनी साथी इवा ब्रौन से शादी की। 30 अप्रैल 1945 को सोवियत सेना के हाथों पकड़े जाने से बचने के डर से दोनों ने आत्महत्या कर ली। उनके शवों को जला दिया गया।
स्कूल में गोलीबारी की घटना
आज ही के दिन 1999 में अमेरिका के इतिहास में स्कूल में गोलीबारी की भीषणतम घटना हुई, जब एक हाई स्कूल में पढऩे वाले दो छात्र राइफल, पिस्तौल और विस्फोटक लेकर स्कूल में दाखिल हुए और अंधाधुंध गोलियां चलाकर अपने 12 सहपाठियों और एक शिक्षक की जान ले ली। इस दौरान 21 लोग घायल भी हुए। दोनों ने लगभग 20 मिनट तक गोलियां चलाईं और बाद में खुद को भी गोली मार ली। बाद में कैफेटेरिया से दो बम मिले। दोनों हत्यारों ने इन बमों का इस्तेमाल किया होता तो मरने वालों की संख्या कहीं ज्यादा होती।
ये भी हैं अन्य घटनाएं
- 1712 में जहांदार शाह दिल्ली की गद्दी पर बैठा। इस मुगल सम्राट ने 1713 तक शासन किया। वह बहादुरशाह का बड़ा पुत्र था।
1946 में संयुक्त राष्ट्र की पूर्ववर्ती संस्था लीग ऑफ नेशन्स भंग की गई।
1953 में कोरिया और संयुक्त राष्ट्र सेना के बीच बीमार युद्ध बंदियों का आदान प्रदान हुआ। रिहा किए गए 100 संयुक्त राष्ट्र सैनिकों में ब्रिटेन के 12, अमेरिका के 30, दक्षिण कोरिया के 50 और कुछ अन्य देशों के सैनिक थे।
1960 में एअर इंडिया ने लंदन की अपनी पहली बोइंग 707 उड़ान के साथ जेट युग में प्रवेश किया।
1972 में अपोलो 16 अंतरिक्ष यान छह घंटे तक इंजन की समस्या से प्रभावित रहने के बाद आखिरकार चंद्रमा पर उतरा।
1974 में आंतरिक हिंसा से बुरी तरह प्रभावित उत्तरी आयरलैंड के संघर्ष में मरने वालों की संख्या 1000 पहुंची।
1997 में इंद्र कुमार गुजराल देश के 12वें प्रधानमंत्री बने।
2010 में मैक्सिको की खाड़ी में स्थित गहरे पानी के तेल भंडार में विस्फोट से इतिहास का सबसे बड़ा तेल रिसाव हुआ।
2011 में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के उपग्रह प्रक्षेपण यान ‘पीएसएलवी’ ने तीन उपग्रहों को सफलतापूर्वक अंतरिक्ष में स्थापित किया।