More
    HomeHindi NewsDelhi News21 शहरों में पारा 42 डिग्री के पार.. जानें आपके राज्य में...

    21 शहरों में पारा 42 डिग्री के पार.. जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा हाल

    अप्रैल की शुरुआत से ही सूरज आसमान से आग बरसा रहा है और कई राज्यों में गर्मी पडऩे लगी है। गर्मी का आलम यह है कि 5 राज्यों के 21 शहरों का पारा 42 डिग्री से ऊपर दर्ज हुआ है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगले 3 दिन लू चलेगी। उत्तर से लेकर मध्य और पूर्वी भारत में गर्मी का कहर शुरू हो चुका है। राजस्थान के बाड़मेर में पारा 45.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो अप्रैल के पहले सप्ताह में अब तक का सबसे अधिक तापमान है। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मौसम विभाग ने बुधवार तक लू चलने की चेतावनी दी है। राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, गुजरात और ओडिशा के शहरों में भी लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।

    यहां लू चलने का अलर्ट

    मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक दिल्ली के अलावा हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, राजस्थान, उत्तर भारत और मध्य प्रदेश के मैदानी इलाकों में लू जैसी स्थिति की चेतावनी दी है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। उत्तर पश्चिम भारत, महाराष्ट्र और दक्षिणी भारत में अगले चार दिन पारा 2 से 4 डिग्री तक बढ़ेगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आ सकती है। पूर्वी उप्र, मध्य प्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तापमान 40 से 43 डिग्री के बीच रहा।

    उप्र में बढ़ेगा रात का पारा

    उत्तर प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में रात के तापमान में बढ़ोतरी का अनुमान है। 10 जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार तापमान दर्ज हुआ।

    पश्चिमी विक्षोभ से राहत के आसार

    8 से 10 अप्रैल के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इससे गर्मी से कुछ हद तक राहत मिल सकती है। हालांकि दिल्ली-एनसीआर और आसपास के मैदानी इलाकों में इसका असर सीमित होगा। हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी 9 और 10 अप्रैल को हल्की बारिश हो सकती है। जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी संभावना है।

    RELATED ARTICLES

    Most Popular

    Recent Comments