HomeHindi NewsBihar Newsईद पर बोलीं ममता, हम जान देने को तैयार.. अखिलेश यादव ने...

ईद पर बोलीं ममता, हम जान देने को तैयार.. अखिलेश यादव ने यह लगाया आरोप

आज देशभर में ईद मनाई जा रही है। अखिलेश यादव, बिहार के सीएम नीतीश कुमार समेत कई नेता ईद मनाने ईदगाह पहुंचे। इस दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ईद-उल-फितर के मौके पर कोलकाता के ईदगाह पहुंचीं। उन्होंने कहा कि नवरात्रि चल रही है और मैं उसके लिए भी शुभकामनाएं देती हूं, लेकिन हम नहीं चाहते हैं कि कोई दंगा करे। आम लोग अराजकता नहीं फैलाते, बल्कि राजनीतिक दल ऐसा करते हैं। यह शर्म की बात है। हम सभी धर्मों के लिए अपनी जान कुर्बान करने को तैयार हैं।

ईद में शामिल होने से पुलिस ने रोका : अखिलेश

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि जब मैं आज यहां ईद समारोह में शामिल होने आ रहा था तो जानबूझकर मुझे पुलिस ने रोका। 1 घंटे तक बातचीत करने के बाद मुझे आगे जाने दिया गया। जब मैंने जानना चाहा कि आखिरकार ऐसा क्यों किया जा रहा है तो किसी अधिकारी के पास कोई जवाब नहीं था। मैं इसे क्या समझूं? क्या ऐसा दबाव इसलिए बनाया जा रहा है कि हम दूसरे लोगों के समारोह में शामिल ना हों? उन्होंने कहा कि भाजपा यह देश संविधान से नहीं चला रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि आज पूरे प्रदेश, देश और दुनिया के सभी लोगों को मैं आज बहुत-बहुत मुबारकबाद देता हूं। ईद का त्यौहार हम सभी एक-दूसरे से गले मिलकर खुशी के साथ मनाते हैं और उम्मीद करते हैं कि हम सब गले मिलकर एक-दूसरे का सम्मान करें। यही हमारे देश की खूबसूरती है, जहां पर अलग-अलग धर्म के रास्ते पर चलने वाले लोग एक साथ मिलकर रहते हैं।

मुस्लिम समाज के लिए ईमानदारी के साथ काम किया

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि तमाम देशवासियों और प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत मुबारकबाद। ईद भाईचारे का त्योहार है। हम 20 दिनों तक रोजा रखते हैं और यह त्योहार तपस्या और त्याग का प्रतीक है। केंद्र की हमारी मोदी सरकार और प्रदेश की योगी सरकार ने सबका साथ-सबका विकास के नारे पर काम किया है। मुस्लिम समाज के लिए हमारी डबल इंजन की सरकार ने धरातल पर बहुत ईमानदारी के साथ काम किया है। हम सभी मिल-जुलकर भाईचारे के साथ ईद रहे हैं।

मुस्लिम समाज और सर्व समाज के लिए काम कर रहे

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि ईद के मुबारक मौके पर मैं उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से प्रदेशवासियों को बहुत-बहुत बधाइयां और शुभकामनाएं देता हूं। ईद का त्योहार एक दूसरे के साथ खुशियां मनाने और गले मिलने का त्यौहार है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के तहत जन-जन को जोड़ते हुए मुस्लिम समाज और सर्व समाज के जीवन में उत्थान लाने के लिए काम कर रहे हैं। प्रदेश का सर्वांगीण विकास सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के आधार पर हो रहा है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments