विश्व को लग रहा था कि भारत चल पाएगा या नहीं.. लोकसभा में पीएम ने बताई लोकतंत्र की ताकत
संसद के विशेष सत्र में लोकसभा में पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस देश ने एक गरीब के बेटे, रेलवे स्टेशन में चाय बेचने वालों को भरपूर प्यार दिया है। मोदी ने कहा कि आजादी के बाद विश्व में कई आशंकाएं व्यक्त की गईं कि पता नहीं देश का क्या होगा, चल पाएगा या नहीं? लेकिन इस देश की संसद की ताकत है कि पूरे विश्व को गलत साबित कर दिया। हममें से कई लोग ऐसे हैं, जो गरीब परिवारों से आए हैं। उन्होंने कहा कि हमारे लोकतंत्र की यही खूबी है।
महिला जनप्रतिनिधियों पर उन्होंने कहा कि सदन में महिलाओं का प्रतिनिधित्व बढ़ा है। इस सदन में 25 साल के सदस्य भी रहे हैं, तो 91 साल तक सदन का प्रतिनिधित्व भी किया है। सदन में भले ही वार-पलटवार होता है, लेकिन जब हम सदन से बाहर जाते हैं तो हमारा अलग रूप नजर आता है। हम सदन की कड़वाहट को बाहर नहीं ले जाते। हमारे पहले भी और वर्तमान में भी अनेक संकटों के बावजूद सांसद सदन में आए हैं और उन्होंने असहनीय शारीरिक पीड़ा झेलकर अपना कर्तव्य निभाया है। कोई व्हील चेयर में आया तो किसी को डॉक्टर लेकर आना पड़ा।
कठिन समय में भी कर्तव्य पथ पर चले सांसद
कोरोना काल के खौफ के बीच भी हमारे सांसद दोनों सदनों में आए और अपना कर्तव्य निभाया। हमने राष्ट्र का काम रुकने नहीं दिया। आवश्यकता पड़ी तो बैठक व्यवस्था बदली, लेकिन देश का काम नहीं रुकने नहीं दिया और संसद को चलाए रखा। पहले के कई सांसद ऐसे हैं, जो आज भी सांसद आते हैं, उन्हें यह मंदिर के समान प्रतीत होता है।