चंद्रयान 3 की सफलता पर दुनियाभर ने दी बधाई.. अंतरिक्ष से भी आया शुभकामना का संदेश
चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के बाद दुनियाभर से बधाइयों का दौर जारी है। दक्षिण अफ्रीका में जोहान्सबर्ग में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रात्रिभोज में विश्व के कई नेताओं ने चंद्रयान-3 की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने इसरो के चंद्रयान-3 मिशन की सफलता पर पीएम को बधाई दी। चंद्रयान-3 मिशन की सफल लैंडिंग पर यूके अंतरिक्ष एजेंसी का संदेश भी आया है। दुनियाभर के देशों ने भारत की सराहना कर संदेश जारी किए हैं। संयुक्त राष्ट्र महासभा के अध्यक्ष की प्रवक्ता पॉलिना कुबियाक ने कहा यूएनअध्यक्ष ने भारत को बधाई दी है। अमेरिका में भारतीय समुदाय के लोगों ने न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग का जश्न मनाया। लंदन में भारतीय उच्चायोग में चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने पर जश्न मनाया और भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे लगाए।
अद्भुत उपलब्धि पर भारत को बधाई
यूके स्पेस एजेंसी में चैंपियनिंग स्पेस डायरेक्टर प्रोफेसर अनु ओझा ओबीई ने कहा कि इंजीनियरिंग और दृढ़ता की इस अद्भुत उपलब्धि पर भारत को बधाई। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र में चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग इस बात का सबूत है कि हम एक नए अंतरिक्ष युग में रह रहे हैं, जहां दुनिया भर की अंतरिक्ष एजेंसियां और कंपनियां चंद्रमा और उससे आगे की ओर अपनी नजरें गड़ाए हुए है।
भागीदारी पर जताई खुशी
नासा के प्रशासक बिल नेल्सन ने ट्वीट कर लिखा कि चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग के लिए इसरो को बधाई और भारत को चंद्रमा पर अंतरिक्ष यान की सफलतापूर्वक सॉफ्ट-लैंडिंग करने वाला चौथा देश बनने पर बधाई। हमें इस मिशन में आपका भागीदार बनकर खुशी हो रही है।
अमेरिका ने कहा-गर्व है
अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुवीय क्षेत्र पर चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक लैंडिंग के लिए भारत को बधाई दी। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि इस अभियान में शामिल सभी वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के लिए यह एक अविश्वसनीय उपलब्धि है। हमें इस मिशन और अंतरिक्ष अन्वेषण में आपके साथ अधिक व्यापक साझेदारी पर गर्व है।
पुतिन ने भेजा बधाई संदेश
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चंद्रयान 3 मिशन की सफल लैंडिंग पर बधाई देते हुए एक बधाई संदेश भेजा। उन्होंने कहा कि भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन की सफल लैंडिंग के अवसर पर मेरी हार्दिक बधाई स्वीकार करें। चंद्रयान-3 चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास है। यह अंतरिक्ष अन्वेषण में एक बड़ा कदम है और निश्चित रूप से विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत द्वारा की गई प्रभावशाली प्रगति का प्रमाण है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के नेतृत्व और कर्मचारियों को नई उपलब्धियों के लिए मेरी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं।