सपा प्रदेश अध्यक्ष का योगी सरकार पर हमला ,कहा – सारे गुंडे भाजपा में हैं ,प्रदेश को किया पार्टी ने तबाह
उत्तरप्रदेश में अपराध मुक्त शासन का दावा करने वाली भारतीय जनता पार्टी को ही सपा अध्यक्ष नरेश उत्तम ने गुंडों की पार्टी करार दी है। यूपी में विधानसभा चुनावो को लेकर नरेश उत्तम की अगुवाई में सपा ‘किसान नौजवान पटेल यात्रा ‘ निकाल रही है जिसके माध्यम से सपा किसानो और मजदूर वर्ग को साधने का प्रयास कर रही है। इस यात्रा के जरिये सपा भारतीय जनता पार्टी की जनविरोधी निति को लेकर किसान ,मजदूर और रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठा रही है। सपा की यह यात्रा 64 दिनों तक चलेगी जो 46 जिलों में पहुंचेगी। यात्रा की अगुवाई कर रहे प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम भाजपा को हर मोर्चे पर घेरने का प्रयास करने में जुटे हुए हैं।
सपा को एक बार फिर सत्ता में वापिस लाने के प्रयासों में जुटे प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम इन दिनों जमकर हमलावर हो रहे हैं। नरेश उत्तम से जब पुछा गया कि मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सपा में शामिल हो गए हैं इस पर भाजपा के आरोप हैं की सपा माफियो के परिवारों को शामिल कराकर अब चुनाव लड़ेगी तो नरेश उत्तम का भाजपा पर गुस्सा फुट पड़ा। नरेश उत्तम ने कहा कि सारे गुंडे भारतीय जनता पार्टी में हैं और गुंडों के मुक़दमे भी भाजपा वापस कर रही है। प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि भाजपा प्रदेश में नंगा नाच कर रही है। उन गुंडों से लोगो की दिन दहाड़े हत्या हो रही है ,लूट हो रही है प्रदेश में जहरीली शराब बिकवाई जा रही है इस तरह उत्तरप्रदेश को भाजपा ने तबाह कर दिया है।
वहीँ सपा का दूसरो दलों के साथ गठबंधन को लेकर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम ने कहा कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ़ कर दिया है कि बड़ी पार्टियों से गठबंधन का अनुभव अच्छा नहीं है ऐसे में सपा छोटे छोटे दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेगी और भाजपा को सत्ता से बेदखल करेगी।