मप्र में शिवराज का मास्टर स्ट्रोक.. सस्ते में सिलेंडर, 250 रुपये भी बढ़ाए
मध्यप्रदेश में दो माह बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। जब सीएम शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना के लिए 1000 रुपये की घोषणा की तो कांग्रेस ने महिलाओं को 1500 और 500 में सिलेंडर देने का वादा किया। इसके बाद शिवराज ने घोषणा कर दी कि 1000 रुपये की राशि को बढ़ाकर 3000 रुपए तक किया जाएगा। अब रक्षाबंधन के पहले शिवराज ने राशि बढ़ाकर 1250 रुपए कर दी है। शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की सभी बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा भी किया है। यह एक तरह से शिवराज का मास्टर स्ट्रोक ही है, जिसकी काट कांग्रेस के लिए ढूंढना टेढ़ी खीर होगा।
बहनों ने की थी शिकायत
शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में गैस सिलेंडर को लेकर बहनों ने शिकायत की थी। हम कोशिश कर रहे हैं कि सावन के महीने में सभी बहनों को 450 रुपए में गैस सिलेंडर दी जाएगी। आगे भी कोशिश रहेगी कि लोगों को सस्ता गैस सिलेंडर मिले। उन्होंने कहा कि प्रदेश की बहनों के खाते में राखी मनाने के लिए 250 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे। अक्टूबर महीने से लाड़ली बहनों को खाते में 1250 रुपए आएंगे। उन्होंने वादा किया कि पैसों की व्यवस्था होते ही धीरे-धीरे राशि बढ़ाते जाऊंगा।