उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, कहा – जो नफरत करे,वो योगी…
उत्तर प्रदेश में अब चुनावी सरगर्मी पूरी तरह से देखने को मिलने लगी है। 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर जुबानी हमले दिन पर दिन तेज होते जा रहे हैं। जहां एक ओर उत्तर प्रदेश में जातिवाद की राजनीति फिर से हावी होती नजर आ रही है तो वही संप्रदायवाद के भी रंग देखने को मिलने लगे हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हाल ही में एक भाषण के दौरान अब्बा जान शब्द का प्रयोग कर अप्रत्यक्ष रूप से सपा नेताओं पर हमला किया था जिसके बाद उनके विरुद्ध मुस्लिम समुदाय की भावनाओं को आहत करने के आरोप भी लगाए गए।
सपा और बसपा लगातार उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार को घेरने में लगी हुई है तो वहीं कांग्रेस की ओर से यह जिम्मेदारी प्रियंका गांधी संभाल रही हैं प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के दौरे पर हाल ही में आई और ताबड़तोड़ बैठके कर चुनावी तैयारियों में जोश भरा। इसके साथ ही प्रियंका लगातार उत्तर प्रदेश की बदहाल व्यवस्था को लेकर भाजपा और सीएम योगी को निशाने पर लेती रही हैं।
प्रियंका गांधी पूरी तरह अब तक उत्तर प्रदेश में होने वाले 2022 के विधानसभा चुनाव में अपनी सक्रियता दिखा रही हैं। लेकिन अब प्रियंका गांधी के साथ साथ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी उत्तर प्रदेश के सियासी मैदान में उतरते नजर आने लगे हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला किया है और उनके ऊपर नफरत फैलाने के अप्रत्यक्ष रूप से आरोप भी लगाए हैं साथ ही उनके योगी होने पर सवाल भी खड़े किए। मंगलवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट करते हुए सीएम योगी को निशाने पर लिया ।राहुल ने लिखा कि ” जो नफरत करें वह योगी कैसा”।
अपने दो लाइन के इस ट्वीट के सहारे राहुल गांधी ने योगी आदित्यनाथ पर बड़ा प्रहार किया है। राहुल गांधी हमेशा से भाजपा और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर नफरत फैलाने की राजनीति धर्म के नाम पर राजनीति करने के आरोप लगाते आए हैं। ऐसे में अब एक बार फिर से राहुल गांधी ने ट्वीट कर सीएम योगी पर बड़ा हमला।
लेकिन यह बयान राहुल गांधी का उस समय आया है जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों शोरों से चल रही है। ऐसे में राहुल के इस बयान से यह कयास भी लगाए जा सकते हैं कि आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति में राहुल की सक्रियता भी देखी जा सकेगी।