प्रियंका गांधी काशी से भरेंगी यूपी के चुनावी समर में हुंकार, बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेकर करेंगी योगी पर प्रहार
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर जल्द ही जोरदार चुनावी संग्राम देखने को मिलने वाला है। और यह रण जमेगा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संसदीय सीट वाराणसी के मैदान में। यूपी चुनाव को लेकर भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के लिए सभी राजनीतिक दल पूरी तरह से सक्रियता दिखा रहे हैं। तो वही एक नए जोश के साथ इस बार चुनावी रण में उतरी कांग्रेस भी कहीं से भी पीछे नजर नहीं आ रही है।
हालही में प्रियंका गांधी ने यूपी का दौरा किया था जहां उन्होंने कई ताबड़तोड़ बैठकर कर कार्यकर्ताओं में जोश भरा था। तो अब अगले महीने की शुरुआत में यानी कि अक्टूबर में प्रियंका गांधी वाराणसी में जनसभा में सम्मिलित होने पहुंच रही है। और इसी जनसभा के साथ हो जाएगा उत्तर प्रदेश के चुनावी समर का आगाज।
हालांकि इसके पहले भी प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के कई दौरे कर चुकी है उन्होंने अपनी रणनीति को अंजाम देना शुरू कर दिया था और लगातार बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं को एक्टिव किया था इसके साथ ही सोशल मीडिया में भी एक्टिविटी को बढ़ा दिया गया था वहीं कार्यकर्ताओ के लिए एक बैग भी तैयार किया गया था जिसमें की तमाम वह संसाधन मौजूद थे जो कि सत्तापक्ष को घेरने के लिए काफी थे इस तरह से कहा जाए तो चुनावी शंखनाद तो पहले से ही हो चुका था लेकिन अब सभा के जरिए प्रियंका गांधी खुलकर भाजपा के विरुद्ध निशाना साधेंगी और कार्यकर्ताओं में जोश भी भरेंगी।
प्रियंका गांधी 2 अक्टूबर को वाराणसी में जनसभा में सम्मिलित होने पहुंचेंगी वहीं बताया जा रहा है कि सभा से पहले वे बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त करेंगी। इस दौरान प्रियंका गांधी कई विधानसभा क्षेत्रों में जाकर लोगों से संपर्क भी साधेंगी। प्रियंका गांधी की जनसभा को लेकर कांग्रेस ने अभी से तैयारियां शुरू कर दी है प्रियंका गांधी की सभा में लोगों की भीड़ जुटाने के लिए अभी से कांग्रेस कार्यकर्ता जनसंपर्क में जुड़ चुके हैं।
वाराणसी में होने जा रही इस जनसभा में प्रियंका गांधी का सीधा प्रहार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर होगा। प्रियंका गांधी लगातार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा को कई मुद्दों को लेकर घेरने के प्रयास में जुटी हुई हैं जिसमें प्रमुख मुद्दे महिलाओं की सुरक्षा गन्ना किसानों की समस्याएं और यूपी की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था शामिल है। बता दें कि हालही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वाराणसी के दौरे पर पहुंचे थे जहां उन्होंने बनारस के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया था। और अब प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश में चुनावी जनसभाओं की शुरुआत उसी काशी से करने जा रही हैं। ऐसे में वाराणसी में राजनीतिक दलों के बीच रोचक मुकाबला देखने को मिलेगा।