हाथरस कांड के एक साल होने पर प्रियंका गांधी ने योगी सरकार पर साधा निशाना, सीएम की सोच को बताया महिला विरोधी…

कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश में हुए हाथरस कांड की घटना के 1 साल होने पर एक बार फिर महिला सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर बड़ा हमला करते हुए योगी आदित्यनाथ को महिला विरोधी सोच का अगुआ बताया है। लगातार प्रियंका गांधी योगी सरकार पर महिलाओं के प्रति असंवेदनशील होने के आरोप लगाती आई हैं। वही अब 1 साल पहले हाथरस में हुए दुष्कर्म और हत्या की घटना को लेकर प्रियंका ने सीधा योगी आदित्यनाथ को निशाने पर लिया है।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट करते हुए कहा कि आज से 1 साल पहले हाथरस में बलात्कार की भयावह घटना घटी थी और उत्तर प्रदेश सरकार ने परिवार को न्याय व सुरक्षा देने की बजाय धमकियां दी थी और उनसे बेटी के साथ सम्मान अंतिम संस्कार का हक भी छीन लिया था। प्रियंका ने कहा कि सरकार के अधिकारियों व भाजपा के नेताओं ने बयान देकर बलात्कार ना होने जैसी बातें भी कही थी व पूरी सरकारी मशीनरी की ऊर्जा पीड़िता का चरित्र हनन करने में खर्च की गई थी।

हाथरस में हुई घटना का जिक्र करते हुए प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को महिलाओं के प्रति विरोधी सोच का अगुआ बताया। प्रियंका ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर इतना खराब रुख रखने वाली सरकार के मुखिया से आप संवेदनशीलता की आग कैसे रख सकते हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि वैसे भी यूपी के मुख्यमंत्री महिला विरोधी सोच के अगुआ हैं वह कह चुके हैं कि महिलाओं को स्वतंत्र नहीं होना चाहिए।

बता दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का एक पुराना लेख वायरल हुआ था जिसमें योगी आदित्यनाथ ने महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर कहा था कि महिलाओं को सुरक्षा में रहना चाहिए उन्हें स्वतंत्र नहीं रहना चाहिए। योगी आदित्यनाथ के इसी बयान पर कांग्रेस लगातार उन पर हमलावर हो रही है वहीं प्रियंका गांधी ने अब इसे हाथरस कांड से जोड़कर सीएम योगी आदित्यनाथ पर सीधे बड़ा हमला ही कर दिया।

MUST READ