महंगाई की मार से निजात दिलाएंगे कर्नाटक से किए पांच वादे : राहुल गांधी
कर्नाटक के मैसूर में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने गृह लक्ष्मी योजना के लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि हस्तांतरित की। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में योजना की शुरुआत की गई। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस पार्टी ने कर्नाटक से पांच वादे किए थे। हमने कहा था कि कांग्रेस पार्टी और नेता जो कुछ कहते हैं तो वो करते हैं। आज करोड़ों महिलाओं को सीधे उनके बैंक खाते में 2000 रुपए मिले हैं। हमने आपको बताया था कि चुनाव के बाद कर्नाटक में महिलाओं को बसों में यात्रा के लिए कोई भुगतान नहीं करना होगा। इस योजना का नाम ‘शक्ति’ रखा गया और हमने इसे पूरा किया।
महंगाई बर्दाश्त नहीं कर सकतीं महिलाएं
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में मैं हजारों महिलाओं से मिला। कर्नाटक में हम लगभग 600 किलोमीटर तक चले। मैंने आपसे बात की और मुझे एक बात स्पष्ट रूप से समझ में आई कि महंगाई की मार आप पर पड़ रही है। इसकी मार महिलाओं को झेलनी पड़ती है। हजारों महिलाओं ने मुझसे कहा कि वे महंगाई बर्दाश्त नहीं कर सकतीं। मैं समझ गया कि कर्नाटक की महिलाएं इस राज्य की नींव हैं।
5 में से 4 योजनाएं महिलाओं के लिए
राहुल गांधी ने कहा कि हमारी पांच योजनाओं में एक को छोड़कर बाकी सभी महिलाओं के लिए हैं। लेकिन बाकी चारों योजनाएं महिलाओं के लिए बनी हैं। इसके पीछे एक गहरी सोच है।