महिला आरक्षण बिल पर कांग्रेस ने ठोका दावा.. यह बोलीं संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी
मोदी सरकार ने कैबिनेट से महिला आरक्षण बिल को हरी झंडी दिखाई तो कांग्रेस ने भी अपना दावा ठोक दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि यह हमारा है, अपना है। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह ही यह बिल लेकर आई थी, जिसे एनडीए ने आगे बढ़ाया है। वहीं कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हम चाहते हैं कि महिला आरक्षण बिल जल्द से जल्द लाया जाए और पारित किया जाए। महिला आरक्षण बिल की शुरुआत यूपीए और खासकर मैडम सोनिया गांधी ने की थी। इसमें इतना समय लग गया, लेकिन अगर इसे पेश किया जाए तो हमें खुशी होगी।
राजद का अपना राग
राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि कैबिनेट बैठक में कोई ब्रीफिंग नहीं हुई। अगर महिला आरक्षण बिल को लेकर सरकार की नीयत साफ है तो हम इसमें और स्पष्टता चाहते हैं। उन्होंने कहा कि लालू यादव के समय से हमारी पार्टी का मानना है कि अगर आपका विचार प्रतिनिधित्व बढ़ाने का है तो यह तब तक संभव नहीं है जब तक आप एससी, एसटी और ओबीसी की महिलाओं के लिए कोटा नहीं देते। कोटे के भीतर एक कोटा होना जरूरी है। अगर ऐसा नहीं करेंगे तो हमें सामाजिक न्याय पर लंबी लड़ाई लडऩी पड़ेगी।
सेंट्रल हॉल में चल रहीं तैयारियां
सेंट्रल हॉल कार्यक्रम के लिए संसद भवन में तैयारियां चल रही हैं। भारत की संसद की समृद्ध विरासत को मनाने और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प के लिए एक समारोह सुबह 11 बजे यहां राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के उपस्थिति में आयोजित किया जाएगा। इस दौरान संसद का विशेष सत्र 7 संसद भवन में सुरक्षाकर्मी नई वर्दी में दिखे।