मोदी के इसरो जाने पर कांग्रेस को आपत्ति.. वैज्ञानिक बोले-हमारे लिए ऐतिहासिक पल

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेश यात्रा से लौटने के बाद सबसे पहले इसरो पहुंचकर चंद्रयान 3 की सफल लांचिंग करने वाले वैज्ञानिकों से मिलकर गले लगाया और बधाई दी। इसरो के वैज्ञानिकों ने इसे ऐतिहासिक पल बताया और वे काफी प्रसन्न भी दिखे। लेकिन मोदी के इसरो जाने पर कांग्रेस ने आपत्ति जताई है और इसे राजनीतिक यात्रा करार दिया। जानें क्या बोले वैज्ञानिक और कांग्रेस नेता।

रोड शो क्यों किया : वडेट्टीवार
महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी वैज्ञानिकों से मिलने गए। देश के प्रधानमंत्री को वैज्ञानिकों से मिलना चाहिए, लेकिन उन्होंने रोड शो क्यों किया? उन्होंने कहा कि ये गर्व की बात होती अगर ये रोड शो उन वैज्ञानिकों के साथ किया जाता जिन्होंने इस मिशन को सफल बनाया है। पीएम मोदी का रोड शो राजनीति से प्रेरित था।
शिवशक्ति और तिरंगा नाम देना उत्साहजनक : पद्मावती
इसरो वैज्ञानिक पद्मावती ने कहा कि पीएम मोदी नेचंद्रयान-3 की लैंडिंग साइट को शिवशक्ति नाम दिया है और चंद्रयान-2 के लैंडिंग स्थल को तिरंगा नाम दिया है। यह हमारे लिए बहुत उत्साहजनक है कि वह आज यहां आए और प्रेरक बातें कीं। वास्तव में यह हमारे लिए सम्मान की बात है कि वह हमारे प्रधानमंत्री हैं।
मंगल लैंडिंग मिशन, आदित्य-एल1 जल्द लॉन्च करेंगे : रीमा घोष
प्रज्ञान रोवर की टीम की सदस्य और वैज्ञानिक रीमा घोष ने कहा कि यह अद्भुत था, प्रधानमंत्री ने हमारे सभी प्रयासों की सराहना की है। जैसा कि पीएम ने कहा कि आकाश की कोई सीमा नहीं है। हम और अधिक चुनौतीपूर्ण मिशन लेकर आएंगे। योजना में कई अन्य मिशन भी हैं जिसमें मंगल लैंडिंग मिशन, आदित्य-एल1 मिशन भी शामिल हैं, जिन्हें हम जल्द ही लॉन्च करेंगे। अंतरिक्ष अनुप्रयोग केंद्र के निदेशक नीलेश एम. देसाई ने कहा कि सूर्य का अध्ययन करने के लिए हमने आदित्य-एल1 मिशन की योजना बनाई है और यह तैयार है। 2 सितंबर को इसके लॉन्च होने की संभावना है।
हमें ऐसे ही नेता की जरूरत : एफबी सिंह
नेविगेशन सिस्टम क्षेत्र के उप महाप्रबंधक एफ.बी. सिंह ने कहा कि यह अद्भुत था। उन्होंने इसरो वैज्ञानिकों को बहुत प्रेरणा दी है। हमें उनके जैसे नेता की जरूरत है। इसरो के पास प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और हमें एक ऐसे नेता की जरूरत है जो प्रेरणा दे सके। वर्तमान प्रधानमंत्री ऐसा कर रहे हैं और वह हमें अच्छा मार्गदर्शन दे रहे हैं।
इसरो आना हमारे लिए यादगार : सुधीर कुमार
इसरो के सीबीपीओ निदेशक सुधीर कुमार एन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी भारत पहुंचते ही व्यक्तिगत रूप से यहां आए। इससे ज्यादा हम क्या उम्मीद कर सकते हैं। उन्होंने चंद्रयान-3 प्वाइंट को शिवशक्ति प्वाइंट और चंद्रयान-2 प्वाइंट को तिरंगा नाम दिया है। 23 अगस्त को राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के रूप में मनाने की भी घोषणा की, ताकि ताकि आने वाली पीढिय़ां इसे याद रख सकें।

MUST READ